Bihar Special Bus: छठ-दीपावली पर बिहार के लिए चलेंगी 200 से अधिक स्पेशल बसें, किराये में मिलेगी 30% सब्सिडी

छठ और दीपावली पर बिहार लौटने वालों के लिए 200 से अधिक स्पेशल बसें चलेंगी। 8 से 20 नवंबर तक सेवा मिलेगी और किराये में 30 प्रतिशत सब्सिडी दी जाएगी। ऑनलाइन बुकिंग 1 नवंबर से शुरू होगी।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 31 October 2026, 4:26 PM IST

Patna: दीपावली और छठ महापर्व पर बिहार लौटने वाले प्रवासियों के लिए राहत भरी खबर है। दूसरे राज्यों में रहने वाले लोगों को त्योहारों के दौरान घर पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए बिहार सरकार विशेष बस सेवा शुरू करने जा रही है।

बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से 200 से अधिक बसें चलाई जाएंगी। खास बात यह है कि इन बसों के किराये पर यात्रियों को सरकार की तरफ से 30 प्रतिशत सब्सिडी भी मिलेगी। इससे ट्रेन में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने पर यात्रियों के पास घर पहुंचने का एक और विकल्प होगा।

8 से 20 नवंबर तक चलेगी विशेष बस सेवा

बिहार सरकार के परिवहन मंत्री सह स्थानीय विधायक दामोदर रावत ने शनिवार को इस योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 8 नवंबर से 20 नवंबर तक प्रवासियों के लिए विशेष बसों का परिचालन किया जाएगा।

ये बसें दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड समेत कई राज्यों के प्रमुख शहरों से बिहार के अलग-अलग हिस्सों तक चलेंगी। इससे त्योहारों के समय घर लौटने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

नेपाल टू बिहार नकली नोटों का बड़ा खेल! ‘चाची’ के जरिए चल रहा था तस्करी का नेटवर्क, NIA का एक्शन

1 नवंबर से शुरू होगी ऑनलाइन टिकट बुकिंग

विशेष बस सेवा के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग 1 नवंबर से शुरू होगी। यात्री बिहार राज्य पथ परिवहन निगम की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपनी सीट बुक कर सकेंगे। सरकार की ओर से किराये में 30 प्रतिशत सब्सिडी दिए जाने से यात्रियों को आर्थिक राहत भी मिलेगी।

बिहार के लिए चलेंगी 200 से ज्यादा बसें (Img- X)

मंत्री ने बताया कि जिन लोगों को ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। हालांकि, यात्रियों को यात्रा से पहले बसों के रूट, समय और उपलब्ध सीटों की जानकारी वेबसाइट पर देखनी होगी।

बसों में सुरक्षा और निगरानी के होंगे इंतजाम

परिवहन मंत्री के मुताबिक, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष बसों में आधुनिक सुविधाएं और निगरानी उपकरण लगाए गए हैं। परिवहन विभाग की ओर से बसों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जाएगी। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस व्यवस्था को तैयार किया जा रहा है, ताकि लोग सुरक्षित तरीके से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

छठ के बाद खुलेंगे एक दर्जन से अधिक स्वास्थ्य केंद्र

कार्यक्रम के दौरान मंत्री दामोदर रावत ने झाझा और लक्ष्मीपुर प्रखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छठ पूजा के बाद एक दर्जन से अधिक अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इसके बाद भवन निर्माण का काम शुरू होगा। बाराकोला पंचायत के जुड़पानिया गांव में स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण प्राथमिकता में है। इसके अलावा चांय, धमना और नारगंजो सहित कई स्थानों पर भी स्वास्थ्य केंद्र बनाए जाने की योजना है।

बिहार में शिक्षकों के पहनावे पर सख्ती! स्कूलों में जींस-टीशर्ट पर लगी रोक, फॉर्मल ड्रेस अनिवार्य

बायपास सड़क निर्माण के लिए होगी स्थल जांच

मंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर दवाओं, डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता की जानकारी भी ली। अस्पताल में मरीजों की भीड़ देखकर उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों से चर्चा की।

वहीं, नगर के पास बायपास सड़क निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि पथ निर्माण विभाग और ग्रामीण कार्य विभाग के साथ जल्द स्थल का निरीक्षण किया जाएगा। बायपास बनने से शहर में जाम की समस्या कम होने और वाहनों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है।

Location :  Patna

Published :  31 October 2026, 4:26 PM IST