
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Samastipur: ज्ञान बांटने वाले गुरु ही जब भक्षक बन जाएं, तो समाज की आस्था डगमगा जाती है। बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक कोचिंग शिक्षक ने मर्यादाओं की सारी हदें पार करते हुए अपनी ही छात्रा को हवस का शिकार बनाया। पीड़िता को शादी का झांसा देकर और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर लगातार उसका यौन शोषण किया जाता रहा।
मामला करीब दो साल पुराना है, जब पीड़िता आरोपी शिक्षक के कोचिंग संस्थान में 10वीं कक्षा में पढ़ती थी। आरोप है कि शिक्षक रोजाना पढ़ाई के बाद कोचिंग की छुट्टी होने पर अन्य बच्चों को भेज देता था और पीड़िता को बहला-फुसलाकर रोक लेता था। 15 अप्रैल 2026 को आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
इस हैवानियत के दौरान आरोपी ने पीड़िता का आपत्तिजनक वीडियो भी बना लिया। जब छात्रा ने विरोध किया तो उसे समाज में बदनाम करने और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकियाँ दी जाने लगीं। लोक-लज्जा और डर के कारण सहमी छात्रा शांत रही।
10वीं पास करने के बाद पीड़िता अपने पिता के पास पटना चली गई, लेकिन आरोपी का खौफ खत्म नहीं हुआ। जब वह वापस घर लौटी, तो आरोपी ने फिर से धमकी देकर उसे बुलाया और नशीला पदार्थ पिलाकर दोबारा दरिंदगी की। इस घिनौनी करतूत में कोचिंग के एक अन्य शिक्षक ने भी साथ दिया और दोबारा वीडियो बनाया।
इस पूरे घिनौने कांड का खुलासा तब हुआ जब 17 जुलाई को पीड़िता के पिता और परिजनों के मोबाइल पर अचानक अश्लील तस्वीरें भेजी गईं। यह देखते ही परिवार के होश उड़ गए और जब बेटी से पूछताछ की गई, तो उसने रो-रोकर आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पीड़िता की मां ने तुरंत समस्तीपुर महिला थाने में जाकर आपबीती सुनाई और लिखित शिकायत देकर इंसाफ की गुहार लगाई। महिला पुलिस थाना अधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Location : Samastipur
Published : 4 August 2026, 3:53 PM IST
Topics : Bihar crime Bihar News crime news Samastipur News