
प्रतीकात्मक छवि (Image Source: Pinterest)
Nawada: बिहार के नवादा जिले से पवित्र पारिवारिक रिश्तों को शर्मसार और तार-तार कर देने वाला एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। अकबरपुर थाना क्षेत्र के साहेबगंज गांव में एक महिला को अपने ही पति और जेठानी (भाभी) के बीच चल रहे कथित अवैध संबंधों का सच जानना बेहद भारी पड़ गया। इस खौफनाक राज का विरोध करने पर कलयुगी पति ने अपनी ही पत्नी की पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद से गांव में आक्रोश और सन्नाटा पसरा हुआ है।
मृतका की पहचान सुनीता कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी साल 2016 में साहेबगंज निवासी सुभाष चौधरी के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर सुनीता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहते थे। इसी बीच सुनीता के सामने एक ऐसा सच आया जिसने उसके पैरों तले जमीन खिसका दी। उसे पता चला कि उसके पति सुभाष का उसकी अपनी ही भाभी (जेठानी) के साथ अवैध प्रेम प्रसंग चल रहा है।
जब भी सुनीता इस अनैतिक रिश्ते का विरोध करती, पति सुभाष उसकी बेरहमी से पिटाई करता था। इसके बावजूद, अपने संसार और परिवार को बचाने के लिए सुनीता हर जख्म खामोशी से सहती रही। मृतका के भाई सोनू कुमार ने बताया कि हाल ही में सुनीता एक जरूरी परीक्षा देने के लिए मायके आई हुई थी। परीक्षा खत्म होने के अगले ही दिन वह बेहद खुश होकर अपने ससुराल साहेबगंज वापस लौटी थी। लेकिन किसे पता था कि वहां उसकी मौत का जाल पहले से बुना जा चुका था।
ससुराल पहुंचने के अगले ही दिन सुनीता के मायके वालों को फोन कर बताया गया कि उसकी हालत बहुत गंभीर है। बदहवास हालत में जब मायके वाले साहेबगंज पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनकी चीख निकल गई। सुनीता की लाश घर के भीतर जमीन पर पड़ी थी और ससुराल वाले फरार होने की फिराक में थे। परिजनों का आरोप है कि पति सुभाष, उसकी भाभी और ननद ने मिलकर सुनीता को लाठी-डंडों से तब तक पीटा जब तक उसकी सांसें नहीं थम गईं।
देर रात काल बनकर दौड़ी गाड़ी… एक झटके में उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार, जानें उस रात क्या हुआ!
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति सुभाष चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
स्थानीय सूत्रों और पड़ोसियों के अनुसार, हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी पति और उसके परिवार ने साक्ष्य छिपाने की पूरी कोशिश की थी। वे शव को चुपचाप ठिकाने लगाने और मायके वालों को यह बताने की साजिश रच रहे थे कि सुनीता की मौत छत से गिरने या दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई है। लेकिन समय रहते ग्रामीणों की सतर्कता और पुलिस के तुरंत पहुंचने के कारण आरोपियों की यह साजिश नाकाम हो गई।
Location : Nawada
Published : 20 June 2026, 11:37 AM IST