
बिहार के डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव और विजय चौधरी (Img: Google)
Patna: बिहार में लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद अब नई सरकार का गठन हो चुका है। इस बार सत्ता का समीकरण पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है, जबकि जेडीयू कोटे से दो वरिष्ठ नेताओं, विजेंद्र प्रसाद यादव और विजय कुमार चौधरी को उपमुख्यमंत्री बनाया गया है।
यह बदलाव सिर्फ चेहरे का नहीं, बल्कि पूरे राजनीतिक मॉडल का संकेत देता है। पहले जहां नीतीश कुमार के नेतृत्व में बीजेपी के दो डिप्टी सीएम होते थे, वहीं अब बीजेपी के मुख्यमंत्री के साथ जेडीयू के दो नेताओं को यह जिम्मेदारी दी गई है।
विजेंद्र प्रसाद यादव बिहार की राजनीति का एक जाना-पहचाना नाम हैं। उन्होंने 1990 में जनता दल के टिकट पर सुपौल क्षेत्र से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की थी। तब से लेकर अब तक वे लगातार चुनाव जीतते हुए इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
सम्राट चौधरी ने ली बिहार CM पद की शपथ, जानिये पूरा अपडेट
विजेंद्र प्रसाद यादव की पहचान एक शांत, अनुभवी और संगठन के प्रति समर्पित नेता के रूप में रही है। 1990 के दशक में जब बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव हो रहे थे, तब विजेंद्र यादव ने अपनी मजबूत पकड़ बनाई। वे लालू प्रसाद यादव के भी करीबी माने जाते थे और उनकी सरकार में मंत्री भी बने।
1997 में जनता दल के विभाजन के बाद उन्होंने शरद यादव का साथ दिया, जिसके चलते उन्हें सत्ता से बाहर भी होना पड़ा। लेकिन बाद में नीतीश कुमार के साथ मिलकर जेडीयू में शामिल हुए और फिर से राजनीति के केंद्र में लौट आए। 2005 में जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष बने और पार्टी को सत्ता में लाने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद सिंचाई, ऊर्जा, वित्त और संसदीय कार्य जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
सम्राट आज संभालेंगे बिहार का ताज, संभावित मंत्रियों के नाम तय
विजय कुमार चौधरी को नीतीश कुमार का बेहद करीबी और भरोसेमंद रणनीतिकार माना जाता है। उनका जन्म समस्तीपुर जिले में हुआ और उन्होंने शुरुआती करियर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में नौकरी से शुरू किया। हालांकि, पारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि के कारण उन्होंने राजनीति का रास्ता चुना। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कांग्रेस से की और विधायक बने। बाद में बिहार की बदलती राजनीति के साथ उन्होंने जेडीयू का दामन थाम लिया। 2005 से वे लगातार विधायक चुने जाते रहे हैं और पार्टी के अहम चेहरों में गिने जाते हैं।
विजय चौधरी ने संसदीय कार्य, जल संसाधन, शिक्षा और ग्रामीण विकास जैसे कई महत्वपूर्ण विभागों का नेतृत्व किया है। 2015 से 2020 तक वे बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी रहे, जहां उन्होंने अपनी कार्यशैली से अलग पहचान बनाई। हालिया राजनीतिक घटनाक्रम में उन्होंने दिल्ली और पटना के बीच अहम कड़ी के रूप में काम किया। नीतीश कुमार के इस्तीफे और नई सरकार के गठन के दौरान उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Location : Patna
Published : 15 April 2026, 1:23 PM IST