मुजफ्फरपुर में शादी के 6 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत: अलमारी के पास मिला शव, पति और ससुराल पर हत्या का आरोप

बिहार के मुजफ्फरपुर में शादी के 6 महीने बाद 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव कमरे में मिला। मायके वालों ने पति के भाभी संग अवैध संबंध का विरोध करने पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 October 2026, 10:03 AM IST

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरौल ओपी के महमदपुर गांव में एक 22 वर्षीय नवविवाहिता का शव उसके ही घर के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला।

मृतका की पहचान सरिता कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज छह महीने पहले हुई थी। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतका के मायके पक्ष में मातम छा गया है।

कमरे में अलमारी के पास पड़ा मिला 22 वर्षीय सरिता का शव

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सरिता कुमारी की शादी महमदपुर निवासी नीरज कुमार के साथ करीब छह महीने पूर्व हुई थी। शुक्रवार को अचानक सरिता का शव घर के कमरे के अंदर अलमारी के पास पड़ा पाया गया।

बिहार में बेकाबू हुआ जमीन विवाद: थाने से लौटते ही युवक पर खूनी हमला, फायरिंग के साथ तीन गाड़ियां फूंकीं

गांव के लोगों के जरिए जब घटना की भनक मायके वालों को लगी, तो वे बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मुरौल ओपी पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

पति के भाभी संग अवैध संबंध का विरोध करने पर हत्या का बड़ा आरोप

मीनापुर थाना क्षेत्र के मालटोली गांव निवासी मृतका के परिजन अशोक सहनी ने ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि सरिता के पति नीरज कुमार का अपनी ही भाभी के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध चल रहा था।

शादी के बाद जब सरिता को इस बात की भनक लगी, तो उसने इसका कड़ा विरोध करना शुरू कर दिया। मायके वालों का आरोप है कि पति के इस राज का पर्दाफाश न हो जाए, इसीलिए ससुराल पक्ष के लोगों ने मिलकर गला दबाकर सरिता की हत्या कर दी।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी सबकी निगाहें

घटना के बाद से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मायके वाले न्याय की गुहार लगाते हुए दोषी पति और ससुराल वालों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। हालांकि, पुलिस का कहना है कि लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बिहार के अस्पतालों में फार्मासिस्ट भर्ती पर बढ़ा विवाद, आमने-सामने आए बी-फार्म और डी-फार्म के छात्र

पुलिस अधिकारी का बयान

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। मुरौल ओपी प्रभारी लखेंद्र कुमार महतो ने बताया कि नवविवाहिता का शव कमरे से बरामद किया गया है। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर हत्या की लिखित आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके आने के बाद ही मौत की सटीक वजह और मामले की सच्चाई पूरी तरह से साफ हो पाएगी।

Location :  Muzaffarpur

Published :  9 October 2026, 10:03 AM IST