वर्दी के रौब में खाकी की गुंडागर्दी: पटना में पुलिसकर्मियों ने मांगी मुफ्त की चाय, मना करने पर फोड़ दिया दुकानदार का सिर

पटना के बख्तियारपुर में पुलिसकर्मियों पर चाय के पैसे मांगने पर दुकानदार से मारपीट और सिर फोड़ने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित का रो-रोकर आपबीती सुनाता वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। जांच के आदेश दिए गए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 August 2026, 2:44 PM IST

Patna: बिहार की राजधानी पटना से सटे बख्तियारपुर इलाके में खाकी की साख पर धब्बा लगाने वाली एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जहां कानून की रक्षा करने की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों पर ही एक गरीब चाय विक्रेता की पिटाई करने का आरोप लगा है।

घटना फोरलेन के पास स्थित एक चाय दुकान की है, जहां सिर्फ अपने पसीने की कमाई का हक मांगने पर पुलिसकर्मियों ने आपा खो दिया और दुकानदार को सरेआम पीट दिया।

मुफ्त की चाय और पैसे मांगने पर भड़का वर्दी का रौब

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बख्तियारपुर थाने के पुलिस वाहन में सवार होकर कुछ पुलिसकर्मी चाय की दुकान पर पहुंचे थे। चाय पीने के बाद जब गरीब दुकानदार ने उनसे पैसे मांगे, तो पुलिसकर्मियों को यह बात अपनी शान के खिलाफ लगी। आरोप है कि वर्दी के नशे में चूर पुलिसकर्मियों ने पहले तो गाली-गलौज की और फिर दुकानदार पर थप्पड़ों की बरसात कर दी।

गोवंश को बिहार ले जाने की थी बड़ी साजिश, दो तस्कर ऐसे चढ़े पुलिस के हत्थे

घसीटकर ले जाने की कोशिश, सिर फोड़ने का गंभीर आरोप

विवाद इतने पर ही नहीं थमा। वाहन में मौजूद अन्य सिपाही और होमगार्ड के जवान भी मौके पर उतर आए और सबने मिलकर चाय विक्रेता के साथ बदसलूकी की। आरोप है कि वे दुकानदार को घसीटते हुए गाड़ी में बिठाने लगे।

इस पूरी घटना में पीड़ित दुकानदार का सिर फट गया। घटना के बाद सोशल मीडिया पर पीड़ित का एक वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपनी पीड़ा बयां करते हुए रो रहा है और सवाल उठा रहा है कि क्या अपनी मेहनत का हक मांगना कोई जुर्म है?

बिहार में दिल्ली समझौते की उड़ रही धज्जियां? छात्रों की धरपकड़ पर भड़की CJP, तेजस्वी यादव ने CM सम्राट चौधरी को दी सीधी चेतावनी

वायरल वीडियो के बाद जागा प्रशासन, जांच शुरू

गरीब चायवाले की बेरहमी से पिटाई का वीडियो वायरल होते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है। मामले की संवेदनशीलता और जन-आक्रोश को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बख्तियारपुर थाने में तैनात संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच की जा रही है, ताकि दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा सके।

Location :  Patna

Published :  3 August 2026, 2:44 PM IST