
प्रतीकात्मक छवि (Img: Googl)
Bhojpur: बिहार के भोजपुर जिले के आरा से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बच्चों के बीच हुए एक बेहद मामूली से विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया। नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग बीवीजान के हाता स्थित अनुसूचित जाति टोला मोहल्ले में सोमवार की देर रात इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया गया। यहां महज बच्चों के झगड़े की खुन्नस में एक पड़ोसी ने घर में घुसकर महिला को गोली मार दी। गोली सीधे महिला के पेट में जाकर लगी, जिसके बाद वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
इस जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल हुई महिला की पहचान 21 वर्षीय सपना देवी के रूप में हुई है, जो मौलाबाग अनुसूचित जाति टोला के निवासी धनजी कुमार की पत्नी हैं। गोलीबारी की आवाज सुनकर दौड़े परिजन आनन-फानन में लहूलुहान सपना को इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने महिला की नाजुक स्थिति को देखते हुए और प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए तुरंत पटना रेफर कर दिया। फिलहाल महिला की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है और वह अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
जख्मी महिला के पति धनजी कुमार ने घटना की पूरी आपबीती सुनाते हुए बताया कि सोमवार की देर शाम करीब आठ बजे उनके बच्चों का पड़ोसी के बच्चों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। उस समय मोहल्ले के लोगों और परिजनों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत करा दिया था। लेकिन पड़ोसी मुदय यादव के मन में इस बात को लेकर गहरी खुन्नस बैठ गई थी। इसी रंजिश के तहत आरोपी ने देर रात घात लगाकर सपना देवी पर हमला कर दिया और उनके पेट में गोली दाग दी।
सावधान! मौसम ने लिया यूटर्न; यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 19 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की तफ्तीश में जुट गए। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। तनाव को देखते हुए इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे गुप्त स्थान पर पूछताछ की जा रही है। थानाध्यक्ष का कहना है कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और दोषी को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी।
Location : Bhojpur
Published : 2 June 2026, 9:48 AM IST