हिंदी
XP95 भरवाने से पहले जान लें ये बातें (Img: Canva)
New Delhi: पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर XP95 पेट्रोल को लेकर कई तरह की बातें कही जा रही हैं। कुछ लोग दावा कर रहे हैं कि इसमें सामान्य पेट्रोल से कम एथेनॉल होता है, जबकि कुछ इसे पूरी तरह शुद्ध पेट्रोल बता रहे हैं, लेकिन सच्चाई इससे अलग है। अगर आप अपनी कार में XP95 भरवाने की सोच रहे हैं, तो पहले इसकी सही जानकारी जान लेना जरूरी है।
XP95 इंडियन ऑयल का प्रीमियम पेट्रोल है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी 95 RON ऑक्टेन रेटिंग है। वहीं सामान्य पेट्रोल की ऑक्टेन रेटिंग 91 RON होती है। ज्यादा ऑक्टेन होने की वजह से यह कुछ खास तरह के इंजनों में बेहतर प्रदर्शन करता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि इसमें एथेनॉल कम होता है।
ये भी पढ़ें - क्या खत्म हो रहा है खालिस पेट्रोल? एथेनॉल मिश्रित ई 20 के बीच 100 ऑक्टेन की बढ़ती मांग ने खोले कई राज
सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा है कि XP95 में सिर्फ 5 या 10 फीसदी एथेनॉल मिलाया जाता है। लेकिन इंडियन ऑयल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, XP95 में भी सामान्य पेट्रोल की तरह 20 फीसदी एथेनॉल ब्लेंडिंग होती है। यानी अगर आप सिर्फ कम एथेनॉल की वजह से XP95 खरीद रहे हैं, तो यह आपकी गलतफहमी हो सकती है।
XP95 का "95" उसकी ऑक्टेन रेटिंग को दिखाता है। ज्यादा ऑक्टेन वाला पेट्रोल इंजन को स्मूद तरीके से चलाने में मदद करता है और इंजन नॉकिंग की संभावना भी कम होती है। इसलिए टर्बो इंजन या हाई-परफॉर्मेंस कारों में इसका फायदा मिल सकता है, लेकिन सामान्य हैचबैक, सेडान या कॉम्पैक्ट एसयूवी, जो 91 ऑक्टेन पेट्रोल के लिए बनी हैं, उनमें XP95 भरवाने से कोई बड़ा फर्क नहीं पड़ता।
ये भी पढ़ें - फिलहाल कुछ नहीं बदलेगा! एथेनॉल सप्लाई पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, BPCL की याचिका के बाद रोक दिया बदलाव
XP95 की कीमत सामान्य पेट्रोल से ज्यादा होती है। इसकी वजह कम एथेनॉल नहीं, बल्कि इसकी हाई ऑक्टेन क्वालिटी है। इसे तैयार करने की प्रक्रिया अलग और बेहतर होती है, इसलिए इसकी कीमत भी अधिक होती है।
अगर आपकी कार के ओनर मैनुअल में 95 RON पेट्रोल की सलाह दी गई है, तभी XP95 का इस्तेमाल करना सही रहेगा। अगर कंपनी ने 91 ऑक्टेन पेट्रोल की सिफारिश की है, तो सामान्य पेट्रोल ही आपकी कार के लिए पर्याप्त है। इसलिए सिर्फ महंगा पेट्रोल भरवाने से हर कार की परफॉर्मेंस बेहतर नहीं होती।
Location : New Delhi
Published : 21 July 2026, 12:28 PM IST
Topics : E20 petrol Ethanol Indian Oil petrol XP95 petrol