हिंदी
Lucknow: एथेनॉल मिश्रित ई-20 पेट्रोल से गाड़ियों के माइलेज और इंजन पर असर पड़ने की खबरों के बाद राजधानी लखनऊ में वाहन चालकों का रुझान अब उच्च गुणवत्ता वाले पेट्रोल की ओर बढ़ता दिखाई दे रहा है। पहले जहां अधिकांश ग्राहक सामान्य 91 ऑक्टेन नंबर वाला ई-20 पेट्रोल भरवाते थे, वहीं अब 95 ऑक्टेन और 100 ऑक्टेन नंबर वाले प्रीमियम पेट्रोल की मांग तेजी से बढ़ रही है। हालांकि, बढ़ती मांग के कारण शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर यह पेट्रोल उपलब्ध नहीं है।
सोमवार को लखनऊ के कई प्रमुख पेट्रोल पंपों पर की गई पड़ताल में 95 और 100 ऑक्टेन पेट्रोल का स्टॉक नहीं मिला। हजरतगंज स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम, अलीगंज के भारत पेट्रोलियम और महानगर व अशोक मार्ग स्थित इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंपों पर ग्राहक प्रीमियम पेट्रोल की तलाश में पहुंचे, लेकिन उन्हें निराशा हाथ लगी। पंप कर्मचारियों ने बताया कि मांग बढ़ने के कारण स्टॉक समाप्त हो गया है।
प्रीमियम पेट्रोल उपलब्ध नहीं होने पर कई पेट्रोल पंपों के कर्मचारी ग्राहकों को सामान्य पेट्रोल के साथ लगभग 10 रुपये का ऐडऑन सैशे डालने की सलाह दे रहे हैं। कर्मचारियों का दावा है कि इससे पेट्रोल की लुब्रिकेशन क्षमता बढ़ती है और इंजन पर पड़ने वाला प्रभाव कम किया जा सकता है। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र तकनीकी पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
लखनऊ पेट्रोल डीलर्स एसोसिएशन के महासचिव आलोक त्रिवेदी के अनुसार, लगभग सभी सामान्य पेट्रोल में करीब 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित होता है। कंपनियां विशेष एडिटिव्स के जरिए ऑक्टेन नंबर बनाए रखती हैं। भारत पेट्रोलियम का स्पीड-97, हिंदुस्तान पेट्रोलियम का पावर-95 और इंडियन ऑयल का एक्सपी-95 इसी श्रेणी के पेट्रोल हैं। वहीं इंडियन ऑयल का एक्सपी-100 पेट्रोल लगभग शुद्ध पेट्रोल माना जाता है, जिसमें केवल 0.02 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रित होता है।
पत्नी को मायके भेज कर पतिदेव ‘सौतन’ के साथ बैडरूम में…नोएडा से हरदोई तक मचा बवाल, जानें पूरा मामला
राजधानी लखनऊ में करीब 293 पेट्रोल पंप हैं, लेकिन 100 ऑक्टेन पेट्रोल की बिक्री केवल चुनिंदा अधिकृत पंपों पर ही होती है। यह पेट्रोल मुख्य रूप से प्रीमियम और हाई-परफॉर्मेंस वाहनों में उपयोग किया जाता है। इसकी कीमत 163 से 164 रुपये प्रति लीटर के बीच है। बढ़ती मांग और सीमित उपलब्धता के कारण ग्राहकों को इसे प्राप्त करने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
Location : Lucknow
Published : 14 July 2026, 10:30 AM IST
Topics : e20 fuel Lucknow Premium Petrol