Auto News: मात्र 12 मिनट में मिले 10 हजार से ज्यादा ऑर्डर्स, जानिए Battleship 700 SUV की शानदार रेंज और फीचर्स

चीन की मशहूर कार निर्माता गीली ने अपनी नई फ्लैगशिप प्लग-इन हाइब्रिड Battleship 700 SUV लॉन्च कर दी है। यह सड़क पर दौड़ने के साथ-साथ पानी में भी तैर सकती है। लॉन्च होते ही मात्र 12 मिनट में इसे 10 हजार से ज्यादा बुकिंग्स मिल चुकी हैं, जिसमें लग्जरी फीचर्स और 1770 किमी की रेंज मिलती है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 October 2026, 12:11 PM IST

New Delhi: ऑटोमोबाइल की दुनिया में तकनीक इतनी आगे निकल चुकी है कि अब ऐसी गाड़ियां आ रही हैं जिन पर विश्वास करना भी मुश्किल हो जाता है। चीन की मशहूर कार निर्माता कंपनी गीली (Geely) ने अपनी एक ऐसी फ्लैगशिप प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी पेश की है, जो न सिर्फ सड़कों पर सरपट दौड़ेगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर पानी में भी तैर सकेगी। लॉन्च होते ही इस अनोखी गाड़ी ने बाजार में तहलका मचा दिया है।

पानी में तैरने और चलने की अनोखी खूबी

इस एसयूवी की सबसे बड़ी खासियत इसकी वाटर-वेडिंग और पानी में तैरने की तकनीक है। यह गाड़ी पानी में 800 मिमी तक उतर सकती है, जिससे यह गहरे पानी को आसानी से पार कर लेती है।

इसके अलावा, इसमें एक विशेष इमरजेंसी फ्लोटिंग मोड दिया गया है। कंपनी का दावा है कि जरूरत पड़ने पर यह गाड़ी पानी में तैर सकती है और लगभग 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पानी के भीतर सफर करने में सक्षम है।

Auto News: Yamaha ने भारत में लॉन्च किया पहला इलेक्ट्रिक स्कूटर, जानें फीचर्स और कीमत

दमदार बैटरी और लंबी ड्राइविंग रेंज

गीली की इस शानदार एसयूवी में अत्याधुनिक थॉर EM-T ऑफ-रोड हाइब्रिड तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसमें CATL द्वारा तैयार किया गया 47.14 kWh का बड़ा बैटरी पैक दिया गया है, जो सिर्फ बैटरी के दम पर लगभग 305 किलोमीटर तक की इलेक्ट्रिक रेंज देता है।

जब इसमें फुल टैंक पेट्रोल और फुल चार्ज बैटरी का कॉम्बिनेशन मिलता है, तो इसकी कुल कंबाइंड ड्राइविंग रेंज 1,770 किलोमीटर से भी ज्यादा हो जाती है। इसकी फास्ट चार्जिंग तकनीक मात्र 10 मिनट के भीतर बैटरी को 10 से 80 प्रतिशत तक चार्ज कर सकती है।

लग्जरी फीचर्स और कंफर्ट से भरपूर केबिन

गाड़ी का अंदरूनी हिस्सा किसी पांच-स्टार होटल से कम नहीं है। इसके प्रमुख फीचर्स इस प्रकार हैं-

लाइटिंग और सेंसर: फ्रंट में 228 हाई-ब्राइटनेस एलईडी लाइट्स वाला स्काई आई लाइटिंग सिस्टम और रूफ पर 192-लाइन का एडवांस्ड लाडार सेंसर।

मार्शमैलो स्पा सीटें: यात्रियों के आराम के लिए 14-पॉइंट मसाज, वेंटिलेशन और हीटिंग की सुविधा।

कन्वर्टिबल बेड: पीछे वाली सीटों को पूरी तरह से फ्लैट करके 1.8 मीटर लंबा और 1.1 मीटर चौड़ा आरामदायक बेड बनाया जा सकता है।

अन्य सुविधाएं: 18.5 लीटर का बड़ा ड्यूल-डोर फ्रिज और इन-बिल्ट ऑक्सीजन जनरेटर, जो कैंपिंग और लंबी यात्राओं को आसान बनाते हैं।

Auto News: SUV के दौर में भी सेडान की वापसी, जानें पिछले साल कितनी हुई इस कार की बिक्री

रिकॉर्ड तोड़ बुकिंग और कीमत

इस अनोखी एसयूवी को लेकर लोगों में जबरदस्त दीवानगी देखने को मिली है। गाड़ी के लॉन्च होते ही महज 12 मिनट के भीतर 10,000 से ज्यादा लोगों ने इसे बुक कर लिया।

कंपनी ने इसे चीनी बाजार में छह अलग-अलग कॉन्फिगरेशन में उतारा है, जिसकी शुरुआती कीमत करीब 25.97 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप वेरिएंट में करीब 53.42 लाख रुपये तक जाती है। फिलहाल यह देखना दिलचस्प होगा कि कंपनी इस बाहुबली एसयूवी को भारतीय बाजार में कब और किस नाम से उतारती है।

Location :  New Delhi

Published :  12 October 2026, 12:04 PM IST