गोड्डा में जिस विवाद की शिकायत पहले हुई थी, वही आखिर बन गया मौत की वजह!

गोड्डा जिले के ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र में फसल विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बनियाडीह गांव में 65 वर्षीय किसान की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि उन्हें बचाने पहुंची पत्नी भी घायल हो गईं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 17 June 2026, 12:36 AM IST

Godda : जिले में फसल को लेकर चल रहा विवाद एक परिवार के लिए जानलेवा साबित हुआ। ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के बनियाडीह गांव में 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना में उनकी पत्नी भी घायल हो गईं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप

मृतक की पहचान 65 साल मणिलाल मंडल के रूप में हुई है। उनके पुत्र पिंकू मंडल ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोगों ने उनके पिता पर लोहे की रॉड से हमला किया। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह अपने दूसरे घर पर थे। इसी दौरान पड़ोसी रत्न पासवान, अशोक पासवान, साजन पासवान, विश्वनाथ पासवान, धर्मेंद्र मंडल और छोटू मंडल उनके पुराने घर पहुंचे और हमला कर दिया।

पति को बचाने पहुंची पत्नी भी घायल

परिजनों के अनुसार जब मणिलाल मंडल की पत्नी रीता देवी अपने पति को बचाने पहुंचीं तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस को बुलाया गया। गंभीर रूप से घायल मणिलाल मंडल को गोड्डा सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गोड्डा में शव के पास मिले बैग और कपड़े, पुलिस के सामने नए-नए सवाल खड़े

पहले भी हुआ था विवाद

मृतक के पुत्र ने बताया कि फसल विवाद को लेकर पहले ही थाना में शिकायत दी गई थी। इस संबंध में पिछले महीने मामला भी दर्ज कराया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने केवल सुपरविजन किया और कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते आरोपियों के हौसले बढ़ गए और आखिरकार उनके पिता की जान चली गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

मणिलाल मंडल किसान थे और अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने बताया कि आपसी विवाद में एक व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Godda

Published :  17 June 2026, 12:16 AM IST