गोड्डा में शव के पास मिले बैग और कपड़े, पुलिस के सामने नए-नए सवाल खड़े

गोड्डा के महागामा थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। शव के पास से बैग और कपड़े मिलने के बाद मामला और भी संदिग्ध हो गया है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, जबकि परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 6 June 2026, 12:33 AM IST

Godda : जिले के महागामा थाना क्षेत्र अंतर्गत सारवां के पास उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। घटना स्थल के पास मिले बैग और कपड़ों ने पूरे मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है। मृतक की पहचान बाड़ीडीह गांव निवासी 26 वर्षीय शेख जुल्फकार अंसारी के रूप में हुई है। यह शेख मुस्लिम अंसारी के पुत्र बताए जा रहे हैं।

तालाब की ओर जाते वक्त ग्रामीणों ने देखा शव

जानकारी के अनुसार स्थानीय ग्रामीण जब तालाब की ओर जा रहे थे। तभी झाड़ियों के बीच पेड़ से लटका शव दिखाई दिया। जैसे ही यह खबर फैली, इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना महागामा थाना पुलिस को दी।

पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे

सूचना मिलते ही महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो और थाना प्रभारी मनोज पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर फॉरेंसिक जांच की संभावना को देखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

बैग और कपड़ों से बढ़ा सस्पेंस

घटनास्थल के पास तालाब के किनारे से मृतक का बैग बरामद हुआ, जबकि पेड़ के पास कुछ कपड़े भी मिले हैं। इन चीजों के मिलने से पुलिस के सामने कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई साजिश छुपी हुई है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

घटना से आक्रोशित परिजनों ने कुछ समय के लिए महागामा-गोड्डा एनएच 133 मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था। बाद में पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। मृतक की मां सन्नी खातून ने आरोप लगाया कि बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि घर में छोटे विवाद के बाद उनका बेटा बैग लेकर बाहर निकला था।

शादीशुदा था मृतक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

परिजनों के अनुसार शेख जुल्फकार की शादी पिछले वर्ष ही सुखाड़ी गांव में हुई थी और उसकी कोई संतान नहीं थी। फिलहाल पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेज दिया है।

पुलिस जांच में जुटी, हर एंगल खुला

महागामा एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या है या हत्या। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। फिलहाल इलाके में तनाव और सस्पेंस का माहौल बना हुआ है।

Location :  Godda

Published :  6 June 2026, 12:33 AM IST