
फर्स्ट एसी का सफर बना डरावना अनुभव (Img- Instagram)
New Delhi: किसी भी देश में घूमने जाने वाले पर्यटकों के लिए वहां की सुरक्षा और स्थानीय लोगों का व्यवहार सबसे अहम होता है। लेकिन जब पाकिस्तान घूमने आए एक मलेशियाई कपल के साथ ट्रेन के भीतर अकल्पनीय और डरावनी घटना घटी, तो पूरी दुनिया में वहां की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
मलेशिया से आए लुइजा और एमोन नाम के इस कपल ने लाहौर से कराची तक के सफर के लिए ग्रीन लाइन ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच की बुकिंग की थी, जिसे आमतौर पर सबसे सुरक्षित और आरामदायक माना जाता है।
सफर के दौरान जब ट्रेन अपनी रफ्तार में थी, तब उनके केबिन में अचानक एक पुलिसवाला आ धमका। शुरुआत में पासपोर्ट की फोटो लेने और सामान्य पूछताछ को प्रक्रिया का हिस्सा माना जा सकता है, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने पर्यटकों को हिला कर रख दिया।
पुलिसवाले ने न केवल युवक की जबरदस्ती तलाशी ली, बल्कि उनके बैग में रखे सामान और कपड़ों को निकालकर सूंघना भी शुरू कर दिया। इस अजीबो-गरीब और अपमानजनक बर्ताव को देखकर विदेशी कपल बुरी तरह नर्वस और सहम गया।
इस खौफनाक अनुभव के बाद कपल ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए एक वीडियो शेयर किया और सवाल उठाया कि क्या पाकिस्तान में इस तरह का बर्ताव आम है? एमोन ने लिखा कि उन्होंने ट्रेन सफर में ऐसी किसी चीज की कभी उम्मीद नहीं की थी।
यह वीडियो सामने आते ही इंटरनेट पर रिएक्शन की बाढ़ आ गई। कमेंट सेक्शन में यूजर्स ने पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस के इस रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए इसे साफ तौर पर पर्यटकों का उत्पीड़न करार दिया है।
लोगों का यह भी कहना है कि जब लाहौर और कराची जैसे बड़े और आधुनिक स्टेशनों पर पहले से ही सुरक्षा जांच के पुख्ता इंतजाम और मशीनें होती हैं, तो यात्रा के बीच में इस तरह की संदिग्ध चेकिंग का कोई औचित्य नहीं बनता।
इस घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि पाकिस्तान की यात्रा पर आने वाले विदेशी पर्यटकों के लिए सुरक्षा और प्राइवेसी एक बड़ा खतरा बन चुकी है, जिससे देश की छवि पर भी गहरा असर पड़ रहा है।
Location : New Delhi
Published : 12 October 2026, 2:14 PM IST