क्लासमेट को दिया ‘I Love You’ नोट, फिर स्कूल के गलियारों में मचा हाई-वोल्टेज ड्रामा और टीचर सस्पेंड

गुजरात के अहमदाबाद स्थित ब्राइट इंग्लिश स्कूल में चौथी कक्षा के छात्र द्वारा सहपाठिन को 'आई लव यू' नोट देने का मामला तूल पकड़ गया है।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 23 September 2026, 7:05 PM IST

Ahmedabad: गुजरात के अहमदाबाद में ब्राइट इंग्लिश स्कूल में चौथी क्लास के एक छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के परिवार ने स्कूल के प्रिंसिपल और एक टीचर पर बच्चे को पीटने का आरोप लगाया है। वहीं, स्कूल मैनेजमेंट ने इन आरोपों को गलत बताया है और निष्पक्ष जांच में सहयोग करने का वादा किया है। पुलिस को सूचना दे दी गई है और जांच चल रही है।

छात्र ने क्लासमेट को 'I Love You' लिखा दिया नोट

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 19 सितंबर को हुई। चौथी क्लास के एक छात्र ने अपनी एक फीमेल क्लासमेट को हाथ से लिखा एक नोट दिया, जिस पर "I Love You" लिखा था। लड़की ने इस पर आपत्ति जताई और रोते हुए टीचर को मामले की जानकारी दी। स्कूल मैनेजमेंट के अनुसार, टीचर ने पहले तो नोट फाड़ दिया और छात्र को समझाया-बुझाया। हालांकि, लड़की परेशान रही जिसके बाद मामला स्कूल प्रिंसिपल तक पहुंचा।

यह भी पढ़ें - Ahmedabad Serial Blast: 17 साल बाद आया बड़ा फैसला… अहमदाबाद ब्लास्ट के दोषियों को लेकर क्या बोला हाईकोर्ट?

परिवार का मारपीट का आरोप

घटना की जानकारी मिलने पर छात्र की मां को स्कूल बुलाया गया। परिवार का आरोप है कि स्कूल में बच्चे के साथ मारपीट की गई, जिससे उसे चोटें आईं। परिवार बच्चे को मेडिकल जांच के लिए LG हॉस्पिटल ले गया। इसके बाद उन्होंने रमोल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई और स्कूल मैनेजमेंट व स्टाफ पर बच्चे के साथ मारपीट का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने गोस्वामी और मौर्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूल मैनेजमेंट ने आरोपों को नकारा

वहीं, स्कूल डायरेक्टर इंद्रजीत मौर्य ने मारपीट के आरोपों को गलत बताया है। CCTV फुटेज का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वीडियो में बच्चा सामान्य हालत में स्कूल ऑफिस से बाहर निकलता दिख रहा है। मौर्य ने दावा किया कि परिवार ने पहले 25 लाख रुपये और बाद में 5 लाख रुपये की मांग की थी। हालांकि, उन्होंने बताया कि निष्पक्ष जांच होने तक टीचर को सस्पेंड कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें - Ahmedabad: भारत का टी20 दबदबा बरकरार, साउथ अफ्रीका को 3-1 से हराया

पुलिस CCTV फुटेज की कर रही जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट में छात्र के शरीर पर गंभीर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, पुलिस मामले की पूरी सच्चाई जानने के लिए स्कूल के CCTV फुटेज की जांच कर रही है। इसके अलावा स्कूल स्टाफ और छात्रों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ahmedabad

Published :  23 September 2026, 7:05 PM IST