हिंदी
दिल्ली मेट्रो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की मेट्रो में लड़के से Instagram ID मांगती दिख रही है। वीडियो ने समाज के दोहरे मापदंडों और जेंडर सोच पर बहस छेड़ दी है।
वायरल मेट्रो वीडियो (Img Source: X/Jyotsna Yadav)
New Delhi: दिल्ली मेट्रो से जुड़े वीडियो आए दिन सोशल मीडिया पर वायरल होते रहते हैं, लेकिन इस बार सामने आया वीडियो सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं रहा। इस वीडियो ने समाज में मौजूद जेंडर डबल स्टैंडर्ड्स यानी दोहरे मापदंडों पर नई बहस छेड़ दी है। वायरल क्लिप में कुछ लड़कियां मेट्रो में आपस में बातचीत करती दिखती हैं। तभी उनमें से एक लड़की मेट्रो में खड़े एक लड़के के पास जाती है और उससे उसकी Instagram ID मांग लेती है। इस पूरी घटना को उसकी सहेलियां कैमरे में रिकॉर्ड कर लेती हैं और बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर देती हैं। वीडियो के वायरल होते ही लोगों के अलग-अलग रिएक्शन सामने आने लगे।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वायरल हो रहे इस वीडियो में देखा जा सकता है कि लड़की पहले अपने दोस्तों से लड़के के बारे में बात करती है। कुछ ही पलों बाद वह बिना झिझक सीधे लड़के के पास जाती है और उससे उसकी Instagram ID पूछ लेती है। हैरानी की बात यह रही कि लड़का भी मुस्कुराते हुए अपनी इंस्टा आईडी दे देता है। वीडियो का यही हिस्सा इंटरनेट यूजर्स का सबसे ज्यादा ध्यान खींच रहा है। कुछ लोग इसे कॉन्फिडेंस का उदाहरण बता रहे हैं, तो कुछ इसे दिखावे और कंटेंट क्रिएशन का हिस्सा मान रहे हैं।
मेट्रो का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक लड़की को एक लड़का पसंद आ जाता है वो लड़की उस लड़के का इंस्टा आईडी लेने पहुँच जाती है
सोचिए यही काम किसी लड़के ने किया होता तो क्या होता??pic.twitter.com/eTmyvxuZOe
— Jyotsna Yadav (Jyoti) (@jyotsana51400) January 31, 2026
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स ने सवाल उठाया कि अगर यही काम किसी लड़के ने किया होता, तो क्या उसे ‘क्रीप’ या ‘स्टॉकर’ नहीं कहा जाता?
एक यूजर ने लिखा, “लड़की करे तो बोल्ड, लड़का करे तो गलत-यही समाज का दोहरा मापदंड है।” वहीं दूसरे यूजर ने कहा, “अगर लड़का किसी लड़की से ऐसे इंस्टा आईडी मांगता, तो मामला शायद मेट्रो से लेकर सोशल मीडिया तक हंगामा बन जाता।”
कई लोगों ने वीडियो की सच्चाई पर भी सवाल खड़े किए। कुछ यूजर्स का मानना है कि यह वीडियो पहले से प्लान और स्क्रिप्टेड हो सकता है, जिसे सिर्फ व्यूज और लाइक्स के लिए बनाया गया है। एक कमेंट में लिखा गया, “आजकल ज्यादातर वायरल वीडियो स्क्रिप्टेड होते हैं, यह भी वैसा ही लग रहा है।”
कुछ यूजर्स ने इस वीडियो को समाज के बदलते दौर से जोड़कर देखा। एक कमेंट में लिखा गया, “पहले कहा जाता था लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं, अब समय ऐसा आ गया है कि लड़कों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं।” वहीं कुछ लोगों ने लड़के को ही नसीहत दे डाली और कहा कि किसी अजनबी को यूं ही सोशल मीडिया आईडी देना समझदारी नहीं है।