60 घंटे की इनकम टैक्स रेड खत्म, शुभम हीरो एजेंसी से दस्तावेज जब्त; देखें Video

महराजगंज में शुभम हीरो मोटर साइकिल एजेंसी पर 60 घंटे तक चली इनकम टैक्स की छापेमारी समाप्त हो गई। विभाग अहम दस्तावेज जब्त कर लौट गया है। कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर स्थिति साफ नहीं है, जिससे चर्चाओं का दौर तेज है।

Post Published By: ईशा त्यागी
Updated : 19 December 2025, 2:39 PM IST

Maharajganj: महराजगंज जनपद की चर्चित शुभम हीरो मोटर साइकिल एजेंसी पर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी आखिरकार 60 घंटे बाद आज सुबह समाप्त हो गई। यह कार्रवाई तीन दिनों से अधिक समय तक चली, जिसके दौरान विभागीय टीम ने एजेंसी के वित्तीय रिकॉर्ड, लेन-देन से जुड़े कागजात और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।

सूत्रों के अनुसार, जांच के बाद इनकम टैक्स टीम कई अहम फाइलें और रिकॉर्ड जब्त कर अपने साथ ले गई है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कथित कर चोरी या वित्तीय हेराफेरी की रकम कितनी है। विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान न आने के कारण मामले को लेकर रहस्य बना हुआ है।

छापेमारी खत्म होने के बाद एजेंसी का शटर बंद है और परिसर में सन्नाटा पसरा हुआ है। इस कार्रवाई को लेकर जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक चर्चाओं का बाजार गर्म है। कुछ लोग इसे बड़ी आर्थिक अनियमितताओं से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि इसके पीछे राजनीतिक कारण हो सकते हैं। एजेंसी के मालिक तन्मय मोदी की ओर से भी अभी तक कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। 

Location :  Maharajganj

Published :  19 December 2025, 2:39 PM IST