आईफोन नहीं, 20 साल पुराना कड़वा सच बना वजह! मां के आखिरी वीडियो से बेनकाब हुई खौफनाक कहानी

छत्रपति संभाजीनगर में 18 साल के बेटे और मां-बाप की मौत मामले में नया मोड़ सामने आया है। आईफोन के विवाद से शुरू हुई कहानी में मां के आखिरी वीडियो ने 20 साल पुराने पारिवारिक तनाव, संपत्ति विवाद और दरकते रिश्तों की खौफनाक सच्चाई उजागर कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 August 2026, 3:36 PM IST

Mumbai: छत्रपति संभाजीनगर के खावड्या पहाड़ पर 18 वर्षीय कुणाल के साथ उसके माता-पिता (मुरलीधर और संगीता) की मौत ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया था। शुरुआती जांच में इसे केवल एक महंगे आईफोन की मांग को लेकर हुआ पारिवारिक झगड़ा माना जा रहा था।

लेकिन अब पुलिस जांच में एक ऐसा नया मोड़ सामने आया है, जिसने साबित कर दिया है कि आईफोन की जिद तो महज एक तात्कालिक चिंगारी थी, जबकि बारूद 20 साल पुरानी पारिवारिक कड़वाहट से सुलग रहा था।

ट्यूब बना संगीता की सोशल मीडिया 'डायरी'

घटना से ठीक एक रात पहले संगीता चांदगुडे द्वारा अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया गया वीडियो अब इस पूरे मामले की सबसे अहम कड़ी बन गया है। संगीता ने रिश्तों के खोखलेपन पर बेहद मार्मिक बात कही थी।

उन्होंने कहा था, "जैसे पोली (रोटी) दोनों तरफ से सेंकी जाए तभी स्वादिष्ट लगती है, वैसे ही रिश्ते भी दोनों तरफ से निभाए जाने चाहिए। यदि सामने वाला आपकी भावनाओं की कद्र न करे, तो ऐसे एकतरफा रिश्ते से बाहर निकल जाना ही बेहतर है।"

20 साल पुरानी शादी और बेगाने हुए अपने

जांच में सामने आया है कि मुरलीधर ने 20 साल पहले संगीता से परिवार की मर्जी के बिना शादी की थी। इसी वजह से मुरलीधर के पिता दामोदरराव और उनके परिवार ने उनसे दूरी बना ली थी।

मुंबई के भुलेश्वर में गणेश आगमन के दौरान बड़ा हादसा: प्रतिमा गिरने से 2 की मौत, 5 घायल; सुरक्षा इंतजामों पर उठे गंभीर सवाल

संगीता के वीडियो में साफ आरोप है कि अपनों ने ही उनका संसार उजाड़ा, बाप-बेटे को एक-दूसरे के खिलाफ भड़काया और संपत्ति विवाद के जरिए उन्हें मानसिक प्रताड़ना दी।

अंतिम संस्कार में भी दिखी कड़वाहट की दरार

यह रंजिश कितनी गहरी थी, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तीन मौतों के बाद भी परिवार एक न हो सका। मां संगीता और बेटे कुणाल का अंतिम संस्कार छत्रपति संभाजीनगर में किया गया, जबकि पिता मुरलीधर का अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव धनगर पिंपलगांव में हुआ। पुलिस अब आईफोन के दावे को दरकिनार कर इस 20 साल पुरानी पारिवारिक रंजिश और संपत्ति विवाद के एंगल से मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Location :  Mumbai

Published :  24 August 2026, 3:36 PM IST