|Video| गोरखपुर कचहरी बस स्टेशन की बदहाल व्यवस्था उजागर, जिम्मेदार अधिकारी नदारद

गोरखपुर कचहरी बस स्टेशन की बदहाल व्यवस्थाओं का सच उस वक्त सामने आया जब मीडिया टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। बस स्टेशन इंचार्ज ड्यूटी से गायब मिले, कार्यालय पर ताला लटका था और पूछताछ काउंटर खाली मिला। यात्रियों ने पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी की शिकायत की, वहीं एक कर्मचारी पर मीडिया टीम और यात्रियों से अभद्रता करने का आरोप लगा।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 22 May 2026, 6:47 PM IST


Gorakhpur :
कचहरी बस स्टेशन की व्यवस्थाओं की पोल उस समय खुल गई जब डाइनामाइट न्यूज़ टीम मौके पर पहुंची और वहां की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। जांच के दौरान बस स्टेशन के इंचार्ज नुरुल हसन ड्यूटी से नदारद मिले। उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था तथा कार्यालय पर ताला लटका मिला, जिससे यात्रियों को हो रही परेशानियों और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

इसी दौरान स्टेशनरी कक्ष में मौजूद कर्मचारी रमेश सिंह मीडिया टीम को देखते ही कमरे में ताला लगाकर बाहर निकलने लगे। बस स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और छात्रों ने भी अव्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जाहिर की।

नीट की तैयारी कर रहे छात्र पिंटू ने बताया कि वह कौड़ीराम से अक्सर गोरखपुर आता-जाता है, लेकिन बस स्टेशन पर पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना रहता है। पिंटू जब अपनी समस्या हमारी टीम के सामने रख रहा था, तभी वहां मौजूद कर्मचारी रमेश सिंह उसे डांटते हुए वहां से हटाने लगे।

वहीं पूछताछ काउंटर पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। मौके पर सिर्फ एक रजिस्टर पड़ा हुआ दिखाई दिया। इससे यात्रियों को जानकारी लेने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

मामला यहीं नहीं रुका। मौके पर मौजूद नीली शर्ट पहने एक कर्मचारी ने मीडिया टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की और कहा कि जो उखाड़ना है उखाड़ लो। कर्मचारी के इस रवैये ने सरकारी व्यवस्था और कर्मचारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  22 May 2026, 6:47 PM IST