
वेडिंग पॉइंट के बाहर लगी भीषण आग (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Dehradun: विकासनगर के जीवनगढ़ क्षेत्र में एक वेडिंग पॉइंट के बाहर खड़ी कारों में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के समय अंदर शादी समारोह चल रहा था, जिससे मौके पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शादी समारोह के दौरान पटाखे चलाए जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि पटाखों की चिंगारी बाहर खड़ी कारों पर गिरने से आग लग गई, जो देखते ही देखते तेजी से फैल गई।
आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और वहां खड़ी दो कारों को अपनी चपेट में ले लिया। दोनों वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आसपास खड़े अन्य वाहनों को भी खतरा उत्पन्न हो गया था, लेकिन समय रहते उन्हें हटाया गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागने लगे और शादी समारोह में भी कुछ समय के लिए अफरातफरी फैल गई। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
देहरादून के विकासनगर स्थित जीवनगढ़ में वेडिंग पॉइंट के बाहर खड़ी कारों में आग लग गई। पटाखों की चिंगारी से आग भड़कने की आशंका है। दो कारें जलकर खाक हो गईं, दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।#Dehradun #Vikasnagar #FireIncident #CarFire pic.twitter.com/5FqiZfFORG
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 16, 2026
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। यदि समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं किया जाता, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी संदीप पंवार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद शादी समारोहों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। बिना सुरक्षा उपायों के पटाखे जलाने से इस तरह की घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
Location : Dehradun
Published : 16 April 2026, 4:38 PM IST