
पहाड़ों पर आफत की बारिश (Img- X)
Dehradun: पहाड़ी राज्य उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार एक बार फिर लोगों की चिंताएं बढ़ाने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के भीतर राज्य के 13 में से 12 जिलों में 'फ्लैश फ्लड' यानी अचानक बाढ़ आने और जलभराव का बड़ा जोखिम जताया है। केवल ऊधम सिंह नगर जिले को छोड़कर पूरा राज्य इस समय प्राकृतिक आपदा के मुहाने पर खड़ा दिख रहा है। मौसम की इस गंभीर चेतावनी को देखते हुए राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
मौसम विभाग के बुलेटिन के बाद आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने सभी संबंधित 12 जिलों के जिलाधिकारियों (DM) और आपातकालीन सेवाओं को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने के आदेश जारी कर दिए हैं। अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और पौड़ी गढ़वाल जैसे संवेदनशील जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव टीमों को पूरी तैयारी के साथ तैनात रहने को कहा गया है।
UP में मानसून ढाएगा तबाही का सितम: 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी, तुरंत हो जाएं सतर्क!
लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ों की मिट्टी पूरी तरह पानी से संतृप्त (पानी सोख चुकी) हो चुकी है। ऐसे में थोड़ी सी भी तेज बारिश से पानी जमीन के भीतर जाने के बजाय तेजी से सतह पर बहने लगता है। इसी वजह से निचले इलाकों, नदी-नालों और छोटी जलधाराओं में अचानक पानी का बहाव बेहद तेज हो सकता है, जिससे जलभराव और भूस्खलन की घटनाएं तेजी से बढ़ सकती हैं।
प्रशासन ने स्थानीय निवासियों और पर्यटकों से खास सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे उफनते नदी-नालों, पुल-पुलियाओं और पानी भरे क्षेत्रों के आसपास बिल्कुल न जाएं। पहाड़ी रास्तों पर सफर करने वाले लोग बेवजह यात्रा करने से बचें। यदि यात्रा करना बेहद जरूरी हो, तो निकलने से पहले उस मार्ग के मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर जुटा लें ताकि किसी अनहोनी से बचा जा सके।
Location : Dehradun
Published : 11 August 2026, 11:06 AM IST