हल्द्वानी में सीएम का दौरा: घर से निकलने से पहले इन रास्तों से बचकर चलें, देखिए ट्रैफिक प्लान

मुख्यमंत्री के 4 फरवरी 2026 के हल्द्वानी दौरे को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने शहर में दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक डायवर्जन लागू किया है। भारी वाहन, बसें और छोटे वाहनों के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 4 February 2026, 3:29 AM IST

Nainital: चार फरवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हल्द्वानी दौरे को लेकर शहर की सड़कों पर हलचल तेज होने वाली है। वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था के चलते आम लोगों की रोजमर्रा की रफ्तार पर असर पड़ना तय है। ट्रैफिक पुलिस ने पहले से ही कमर कस ली है और शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया गया है। यह व्यवस्था दोपहर 12 बजे से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की समाप्ति तक लागू रहेगी।

भारी वाहनों पर रहेगा खास असर

पुष्कर सिंह धामी के भ्रमण के दौरान भारी माल वाहनों के शहर में प्रवेश पर सख्ती रहेगी। रूद्रपुर और रामपुर रोड से टीपी नगर क्षेत्र की ओर आने वाले सभी भारी वाहन गन्ना सेंटर तिराहे से मोड़ दिए जाएंगे। ये वाहन बरेली रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं टीपी नगर क्षेत्र से रूद्रपुर या रामपुर रोड की ओर जाने वाले भारी वाहनों को सतवाल पेट्रोल पंप से मुक्त विश्वविद्यालय होते हुए तीनपानी के रास्ते भेजा जाएगा, ताकि मुख्य मार्ग पूरी तरह खाली रहे।

हल्द्वानी पहुंचे पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार, स्टेडियम निरीक्षण के साथ साझा की अपनी यादें; जानिये क्या कहा…

रोडवेज बसों का बदला रास्ता

रोडवेज से सफर करने वालों को भी थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रूद्रपुर और रामपुर रोड से हल्द्वानी रोडवेज स्टेशन आने वाली बसें सीधे शहर में प्रवेश नहीं करेंगी। इन्हें गन्ना सेंटर तिराहे से बरेली रोड, तीनपानी और मंडी होते हुए रोडवेज स्टेशन तक लाया जाएगा।

सिडकुल और प्राइवेट बसों की नई राह

सिडकुल और निजी बसों के लिए भी अलग व्यवस्था की गई है। काठगोदाम की ओर जाने वाली बसें गन्ना सेंटर तिराहे से बरेली रोड, तीनपानी फ्लाईओवर और गौलापार रोड होते हुए नारिमन तिराहे से आगे बढ़ेंगी। वहीं मुखानी और लालढांठ क्षेत्र की ओर जाने वाली बसें पंचायतघर तिराहे से आरटीओ रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।

Nainital: हल्द्वानी तहसील प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ये दस्तावेज किए निरस्त, क्षेत्र में हड़कंप

छोटे वाहनों के लिए सलाह

छोटे वाहनों को भी डायवर्जन का पालन करना होगा। रामपुर रोड से आने वाले वाहन पंचायतघर तिराहे से आरटीओ रोड होते हुए मुखानी या लालढांठ तिराहे की ओर जा सकेंगे। पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले वाहन शीतल होटल तिराहे और तीनपानी फ्लाईओवर से गौलापार रोड या मंडी मार्ग का इस्तेमाल कर हल्द्वानी पहुंच सकते हैं।

VIP रूट रहेगा पूरी तरह बंद

मुख्यमंत्री के काफिले के दौरान वीआईपी रूट पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी और किसी भी वाहन को मुख्य मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे समय से निकलें और डायवर्जन का पालन करें।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 4 February 2026, 3:29 AM IST