
नैनीताल में इस बार की होली के अलग रंग
Nainital: सरोवरों की नगरी नैनीताल इस बार होली पर एक अलग ही रंग में रंगी दिखाई देगी। रंगों के त्यौहार के साथ यहां फूलों की होली की विशेष झलक देखने को मिलेगी। शहर के कई प्रमुख होटलों में पर्यटकों के लिए खास कार्यक्रमों की तैयारी शुरू हो चुकी है। अभी से लगभग 30 से 40 प्रतिशत तक एडवांस बुकिंग हो चुकी है, जिससे उम्मीद जताई जा रही है कि होली के दौरान बड़ी संख्या में सैलानी नैनीताल पहुंचेंगे।
जानकारी के अनुसार हर साल होली का अवकाश नैनीताल में पर्यटकों की अच्छी खासी आमद का समय माना जाता है। इस बार कई होटलों ने पारंपरिक रंगों के साथ फूलों की होली मनाने की योजना तैयार की है। होटलों में सजावट, फूलों की व्यवस्था और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारियां तेज़ी से चल रही हैं।
होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट का कहना है कि होली के समय नैनीताल में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ती रही है। इस वर्ष भी बुकिंग का ग्राफ लगातार ऊपर जा रहा है और जैसे जैसे त्योहार करीब आएगा, रौनक और बढ़ने की उम्मीद है। उनका मानना है कि फूलों की होली जैसे आकर्षक आयोजन पर्यटकों को नया अनुभव देंगे, जिससे स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।
इससे केवल होटलों की बुकिंग ही नहीं बढ़ेगी, बल्कि पर्यटन व्यवसाय से जुड़े अन्य लोगों को भी अच्छा लाभ मिलने की संभावना है।
IND vs SA T20 World Cup: साउथ अफ्रीका ने भारत को दी शिकस्त, 76 रनों से हराया
इसी बीच, शेर्वानी होटल के महाप्रबंधक कमलेश सिंह बताते हैं कि होली के समय नैनीताल का मौसम बेहद सुहावना रहता है। ऐसे में यहां आने वाले पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता के बीच रंगों और फूलों की होली का आनंद खुलकर ले सकेंगे। होटल प्रबंधन की ओर से इस अवसर पर विशेष इंतज़ाम किए जा रहे हैं, ताकि सैलानी नैनीताल की खूबसूरती और त्योहार के आनंद को यादगार बना सकें।
Location : Nainital
Published : 23 February 2026, 2:38 AM IST
Topics : Advance Bookings Holi hotels Nainital Tourists