
पर्यटकों से गुलजार हुई सरोवर नगरी
Nainital: छुट्टियों का वीकेंड शुरू होते ही सरोवर नगरी नैनीताल में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह के समय से ही शहर की सड़कों पर सैलानियों की आवाजाही बढ़ने लगी और दोपहर तक पूरा बाजार, झील किनारा और प्रमुख स्थल काफी व्यस्त नजर आए। अचानक बढ़ी भीड़ का सीधा असर ट्रैफिक पर पड़ा और कई जगह वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस टीमों ने व्यवस्था संभालने में पूरा दिन खपा दिया, लेकिन बढ़ते वाहनों का दबाव कम नहीं हो सका।
पर्यटक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने दोपहर बाद से ही रूसी बाईपास पर प्रवेश रोक दिया। केवल उन सैलानियों को शहर में वाहन लाने की अनुमति दी गई, जिनकी होटल बुकिंग पहले से थी और पार्किंग की सुविधा मौजूद थी। बाकी पर्यटकों को बाईपास पर ही रोककर शटल सेवा के जरिए शहर तक पहुंचाया गया। नारायण नगर क्षेत्र में भी वाहनों को पार्क करवाकर सैलानियों को शटल से झील शहर ले जाया गया।
एसपी सिटी डॉ. जगदीश चंद्रा ने बताया कि बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। शहर की पार्किंग भर जाने पर होटल बुकिंग वाले वाहनों को ही अंदर आने की छूट दी जा रही है, ताकि शहर में जाम ना लगे। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में थर्टी फर्स्ट और न्यू ईयर की वजह से भीड़ और बढ़ने की संभावना है, इसलिए यातायात व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
Mainpuri Politics: करहल में आदित्य यादव का वार, भाजपा सरकार पर इंसानियत के मुद्दे को लेकर तीखा हमला
नैनीताल पहुंचे सैलानियों ने झील में नौकायन का आनंद लिया, मालरोड पर घूमे और आसपास मौजूद दर्शनीय स्थलों पर पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। शहर के होटल कारोबारी भी बढ़ती भीड़ से खुश नजर आए, क्योंकि ज्यादातर होटल पहले ही पैक हो चुके हैं। भीड़ भले ही परेशानी बढ़ा रही हो, लेकिन नए साल के करीब आते ही नैनीताल का पर्यटन रंग अभी से परवान चढ़ने लगा है।
Location : Nainital
Published : 27 December 2025, 9:40 PM IST
Topics : Lake City Tourism Nainital Traffic Nainital Weekend Crowds Nainital News Uttarakhand tourism