Rudrapur: पैसे नहीं थे तो चर्च के पास छोड़ दी बीमार नवजात बच्ची, पुलिस ने तीन को दबोचा

उत्तराखंड के रुद्रपुर में चर्च के पास कार के नीचे लावारिस हालत में मिली नवजात बच्ची के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बच्ची की मां, नानी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बच्ची बीमार थी और इलाज के महंगे खर्च के लिए पैसे न होने के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 October 2026, 4:09 PM IST

Rudrapur: उत्तराखंड के रुद्रपुर में चर्च के पास कार के नीचे लावारिस हालत में मिली नवजात बच्ची के मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में बच्ची की मां, नानी और एक अन्य सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती पूछताछ में चौंकाने वाली वजह सामने आई है, जहां आरोपियों ने गरीबी और इलाज के पैसे न होने को इस कदम की मुख्य वजह बताया है।

अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही उठाया खौफनाक कदम

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, इस नवजात बच्ची का जन्म 16 अक्टूबर की रात को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में हुआ था। अगले ही दिन यानी 17 अक्टूबर को जब अस्पताल से जज्जा-बच्चा को छुट्टी मिली, तो परिजन उसे घर ले जाने के बजाए सीधे रुद्रपुर ले आए।

सोमवार को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को आजादनगर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र से धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान नवजात की 23 वर्षीय मां शीतल, उसकी 45 वर्षीय नानी लीलावती (दोनों निवासी आजादनगर, ट्रांजिट कैंप) और 30 वर्षीय मुनीश पाल (मूल निवासी शाहजहांपुर, हाल निवासी आजादनगर) के रूप में हुई है।

Uttarakhand: पति पर गंभीर आरोपों के बाद चर्चा में मंत्री रेखा आर्या, क्या ऑडियो रिकॉर्डिंग से सामने आएगा कोई बड़ा राज?

इलाज का भारी खर्च बना मजबूरी

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि बच्ची जन्म के समय से ही बीमार थी। जब वे उसे अस्पताल ले गए, तो डॉक्टरों ने इलाज का खर्च बहुत ज्यादा बता दिया था। अत्यंत गरीब होने के कारण उनके पास बच्ची के इलाज के लिए पैसे जुटाने का कोई साधन नहीं था। इसी लाचारी और तंगी के चलते उन्होंने बच्ची को एक वाहन के नीचे लावारिस छोड़ने का फैसला किया।

पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

घटना 17 अक्टूबर की है जब डायल 112 पर पुलिस को सूचना मिली कि सिंह कॉलोनी की गली नंबर एक स्थित सेंट जॉन चर्च के पास एक कार के नीचे कपड़े में लिपटी हुई कोई नवजात बच्ची पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तुरंत जिला अस्पताल के एनआईसीयू (NICU) में भर्ती कराया।

Uttarakhand Crime: दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से कांपा रुड़की, हादसे में युवक की मौत; जांच में जुटी पुलिस

हालाँकि, बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया था। इस सनसनीखेज मामले में रुद्रपुर कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी और जमीनी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की थी।

मोटरसाइकिल से पहुंचे थे आरोपी

सीओ सिटी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों और सबूतों के आधार पर सोमवार को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि दोनों महिलाएं मुनीश पाल की मोटरसाइकिल पर सवार होकर नवजात को चर्च के पास लाई थीं और वहीं उसे छोड़कर फरार हो गए थे। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और गहन पूछताछ कर रही है।

Location :  Rudrapur

Published :  19 October 2026, 4:09 PM IST