रुद्रप्रयाग जनपद में तापमान गिरने से ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ धाम में देर रात से बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग ने 27 जनवरी से बारिश और बर्फबारी के साथ हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है, जिसको देखते हुए प्रशासन अलर्ट पर है।

केदारनाथ धाम में देर रात से बर्फबारी
Rudraprayag: उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जनपद में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों से तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है, जिससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। खासतौर पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड के साथ बर्फबारी शुरू हो गई है, जबकि निचले इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बनते जा रहे हैं।
प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में देर रात से लगातार बर्फबारी हो रही है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। बर्फबारी के चलते तापमान शून्य से नीचे चला गया है, जिससे क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाबलों को अलर्ट पर रखा गया है।
मौसम विभाग द्वारा 27 जनवरी से उत्तराखंड समेत कई अन्य राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। विभाग ने विशेष रूप से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमस्खलन (Avalanche) की आशंका व्यक्त की है। इसी चेतावनी के तहत रुद्रप्रयाग जनपद को डेंजर लेवल-2 की श्रेणी में रखा गया है।
केदारनाथ में गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर प्रतिबंध की मांग फिर तेज, मुख्यमंत्री के फैसले का समर्थन
रुद्रप्रयाग जनपद में ठंड का प्रकोप
अधिकारियों के अनुसार, यदि अधिक बर्फबारी होती है तो ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमस्खलन और अवलॉच का खतरा बढ़ सकता है। केदारनाथ, मदमहेश्वर घाटी, तुंगनाथ और हरियाली कांठा जैसे इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। इन क्षेत्रों में पहले भी भारी बर्फबारी के दौरान खतरे की स्थिति बन चुकी है।
संभावित आपदा को देखते हुए जिला आपदा परिचालन केंद्र को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। प्रशासन लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
फिलहाल जनपद के केवल ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ही मौसम खराब बना हुआ है। केदारनाथ और अन्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हो रही है, जबकि निचले इलाकों में बारिश नहीं हुई है। हालांकि, तापमान में गिरावट के कारण ठंड का असर हर क्षेत्र में महसूस किया जा रहा है।
जनपद में तेजी से गिरा तापमान
प्रशासन ने स्थानीय लोगों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जाने वाले श्रद्धालुओं व यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। खासतौर पर बर्फबारी वाले इलाकों में जाने से पहले मौसम की जानकारी लेने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।
रुद्रप्रयाग: जनरल स्टोर में लगी आग, दो वाहन भी जले, मचा हड़कंप
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।