
रामनगर खाद्य विभाग छापेमारी (Img: Dynamite News)
Ramnagar: उत्तराखंड सरकार द्वारा प्रदेश में एनालॉग पनीर की बिक्री पर रोक लगाने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को रामनगर में खाद्य विभाग की टीम ने कई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान दूध और दूध से बने उत्पाद बेचने वाले करीब आधा दर्जन प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
निरीक्षण के दौरान विभाग ने कुल पांच खाद्य नमूने एकत्र किए। इनमें पनीर के दो, घी का एक, दूध का एक और मिठाई का एक सैंपल शामिल है। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप हैं या नहीं।
यह भी पढ़ें: Ramnagar: रामनगर में 120 किलो प्रतिबंधित गौमांस बरामद, गोकशी के आरोप में दो गिरफ्तार; दो की तलाश जारी
कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा विभाग नैनीताल अजब सिंह रावत और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामनगर असलम खान भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया।
प्रदेश में 7 अगस्त से एनालॉग पनीर की बिक्री पर रोक लागू होने के बाद विभाग की निगरानी और तेज कर दी गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन के निर्देश पर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बाजार में उपभोक्ताओं को केवल वास्तविक दूध से तैयार पनीर ही उपलब्ध हो। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सहायक आयुक्त अजब सिंह रावत ने बताया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए लगातार निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान चलाया जा रहा है। होटल एसोसिएशन और डेयरी एसोसिएशन के साथ भी बैठक कर सरकार की गाइडलाइन का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। विभाग ने सभी प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई बनाए रखने और तय मानकों के अनुसार खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: Ramnagar: जुआ रोकने पर बढ़ा बवाल! देर रात फायरिंग से इलाके में दहशतImg:
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि रामनगर समेत पूरे क्षेत्र में निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। यदि प्रयोगशाला जांच में किसी भी खाद्य पदार्थ का नमूना मानकों पर खरा नहीं उतरता है, तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि जनता के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
Location : Ramnagar
Published : 11 August 2026, 7:05 PM IST