“एक पति, दो दावेदार…” कर्मचारी की मौत के बाद दो पत्नियों ने ठोका नौकरी और पेंशन पर दावा, अटक गए लाखों के लाभ

रामनगर के कालाढूंगी में वन विकास निगम कर्मचारी की मौत के करीब दो साल बाद भी परिवार का विवाद खत्म नहीं हुआ है। कर्मचारी की दो पत्नियों ने नौकरी और सेवा लाभों पर अपना-अपना दावा किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 August 2026, 6:37 PM IST

Ramnagar: कालाढूंगी क्षेत्र में वन विकास निगम के एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की मौत के बाद उसकी दो पत्नियों के बीच पति की नौकरी और सेवा लाभों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मामला अब परिवार न्यायालय से होते हुए जिला न्यायालय पहुंच गया है। विवाद के चलते कर्मचारी की पेंशन, ईपीएफ और अर्जित अवकाश (ईएल) समेत अन्य देयकों पर फैसला अटक गया है।

दो साल पहले हो चुकी है कर्मचारी की मौत

जानकारी के अनुसार वन विकास निगम में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत प्रेम राम की वर्ष 2024 में मौत हो गई थी। वह अपनी पत्नी के साथ कालाढूंगी में रहकर नौकरी कर रहा था। कालाढूंगी में रहने वाली पत्नी से उसके चार बच्चे हैं, जबकि पहली पत्नी विवाद के बाद हल्द्वानी में रह रही है। हल्द्वानी में रह रही पहली पत्नी से एक बेटी है।

ये भी पढ़ें- विवाद सुलझाने पहुंचे सिपाही पर बरसे लात-घूंसे, कन्नौज में 12 आरोपी गिरफ्तार, बाजार में निकलवाया पैदल मार्च

दोनों पत्नियों ने जताया हक

कर्मचारी की मौत के बाद कालाढूंगी में रहने वाली पत्नी ने नौकरी और अन्य सेवा लाभों के लिए विभाग में अपने दस्तावेज जमा कराए। इसी दौरान पहली पत्नी ने भी निगम में कर्मचारी की नौकरी और सेवा लाभों पर अपना अधिकार जताते हुए दावा पेश कर दिया। दो महिलाओं की ओर से दावा सामने आने पर विभागीय अधिकारी भी असमंजस में पड़ गए।

जिला न्यायालय पहुंचा मामला

मामला पहले परिवार न्यायालय पहुंचा, लेकिन वहां से विवाद का निपटारा नहीं हो सका। इसके बाद दोनों पक्ष जिला न्यायालय पहुंच गए। अब न्यायालय के फैसले के आधार पर ही कर्मचारी की नौकरी, पेंशन, ईपीएफ और ईएल समेत अन्य देयकों को लेकर आगे की कार्रवाई हो सकेगी।

ये भी पढ़ें- न दरवाजा टूटा, न ताला… फिर भी खाली कर गए तिजोरी! जानिए कैसे आधी रात छत से हुई लाखों की महाचोरी

वन निगम अधिकारी मुदित आर्य ने बताया कि दोनों पक्षों से जुड़ा प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है। न्यायालय की ओर से जो भी निर्णय दिया जाएगा, उसी के आधार पर निगम आगे की कार्रवाई करेगा।

Location :  Nainital

Published :  19 August 2026, 6:37 PM IST