नैनीताल के चार्टन लॉज भू-स्खलन क्षेत्र का होगा स्थायी उपचार, 6.99 करोड़ की परियोजना पर जल्द शुरू होगा काम

नैनीताल के मल्लीताल स्थित चार्टन लॉज भू-स्खलन क्षेत्र के स्थायी उपचार के लिए 6.99 करोड़ रुपये की परियोजना पर जल्द काम शुरू होगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद कार्यदायी संस्था को काम शुरू करने के निर्देश जारी किए गए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 July 2026, 9:26 PM IST

नैनीताल। मल्लीताल स्थित चार्टन लॉज भू-स्खलन क्षेत्र में अब स्थायी उपचार का कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। करीब 6.99 करोड़ रुपये की लागत से होने वाली इस परियोजना के लिए गुरुग्राम की एमएफकी जियोटेक प्राइवेट लिमिटेड को कार्यदायी संस्था चुना गया है। सिंचाई विभाग ने कंपनी को जल्द से जल्द काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

गौरतलब है कि सितंबर 2023 में चार्टन लॉज क्षेत्र में हुए भीषण भू-स्खलन से चार आवासीय भवन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए थे। खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने 22 भवनों में रहने वाले 24 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित किया था। तत्काल राहत के तौर पर पहाड़ी पर जीआई बैग से अस्थायी सुरक्षा दीवार बनाई गई थी, लेकिन विशेषज्ञों ने क्षेत्र के स्थायी उपचार की आवश्यकता बताई थी।

विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार

इसके बाद उत्तराखंड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर (यूएलएमएमसी) ने क्षेत्र का विस्तृत भू-वैज्ञानिक और स्थलाकृतिक सर्वेक्षण किया। सर्वे के आधार पर करीब 6.99 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई, जिसे शासन स्तर से मंजूरी मिल गई। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ललित मोहन कश्यप ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और कार्य एमएफकी जियोटेक प्राइवेट लिमिटेड को आवंटित कर दिया गया है। कंपनी को भू-स्खलन रोकथाम का कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

पहाड़ी को स्थायी रूप से सुरक्षित बनाया जाएगा

परियोजना के तहत आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों का उपयोग कर पहाड़ी को स्थायी रूप से मजबूत और सुरक्षित बनाया जाएगा। इससे भविष्य में भू-स्खलन की पुनरावृत्ति रोकने में मदद मिलेगी और क्षेत्र में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।

Location :  नैनीताल

Published :  8 July 2026, 9:26 PM IST