Nainital news: परीक्षा का तनाव बना जानलेवा, नैनीताल में 19 साल के छात्र की मौत

हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। अल्मोड़ा निवासी युवक सुबह टहलकर लौटने के बाद कमरे में गया और फिर बाहर नहीं आया। परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से उतारा, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 28 May 2026, 7:14 PM IST

Nainital: नैनीताल के हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक 19 वर्षीय युवक की अचानक मौत से उसके परिवार पर दुख का पहाड़ टूट गया। मूल रूप से अल्मोड़ा जिले के सुनीयाकोट बड़गांव के निवासी हेमंत परिहार कुछ समय से भगवानपुर कैसर कॉलोनी में अपने ताऊ के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था। बुधवार सुबह वह हमेशा की तरह टहलकर लौटा और पानी पीकर अपने कमरे में चला गया, लेकिन इसके बाद वह बाहर नहीं निकला।

परिजन जब काफी देर तक उसकी कोई आहट नहीं सुन पाए तो उन्हें घबराहट होने लगी। दरवाज़ा खटखटाने पर भी भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। बेचैनी बढ़ने पर परिवार वालों ने खिड़की से अंदर झांका तो उनकी सांसें थम गईं। हेमंत का शव कमरे के भीतर फंदे से लटका हुआ था और हालात से साफ था कि उसे तुरंत मदद की जरूरत थी।

अफरा तफरी में दरवाजा तोड़कर परिजन उसे नीचे उतारकर तुरंत डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को हल्द्वानी मोर्चरी में रखवा दिया गया।

गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई, जिसके बाद परिजन शव को लेकर अपने पैतृक गांव रवाना होंगे। इस बीच, पुलिस ने दोस्तों और परिजनों से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है ताकि घटना के कारणों को समझा जा सके। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

Location :  Nainital

Published :  28 May 2026, 7:13 PM IST