नैनीताल घूमने जा रहे हैं? नैना पीक की ट्रैकिंग से पहले जान लें नए नियम

नैनीताल की नैना पीक से छात्र अर्नव सिंह के लापता होने के बाद वन विभाग ने ट्रैकिंग और सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव का फैसला लिया है। दिसंबर से तीनों रास्तों पर टिकट काउंटर बनाए जाएंगे और आने-जाने वालों का रिकॉर्ड रखा जाएगा।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 17 November 2026, 8:16 PM IST

Nainital: उत्तराखण्ड के नैनीताल की नैना पीक पर ट्रैकिंग करने जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों के लिए दिसंबर से नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। वन विभाग अब नैना पीक तक पहुंचने वाले तीनों रास्तों पर टिकट काउंटर बनाएगा। इसके साथ ही ट्रैकिंग के लिए शाम 3:30 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति होगी। इसके बाद किसी को भी ट्रैक पर जाने नहीं दिया जाएगा।

वन विभाग के अनुसार, इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य नैना पीक जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड रखना है। इससे किसी पर्यटक या स्थानीय व्यक्ति के लापता होने अथवा निर्धारित समय तक वापस नहीं लौटने पर उसकी तलाश करने में आसानी होगी।

नैना पीक से छात्र के लापता होने के बाद फैसला

हाल ही में बिहार निवासी 19 वर्षीय छात्र अर्नव सिंह के नैना पीक क्षेत्र से लापता होने के बाद यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे। अर्नव 6 नवंबर को अपने तीन दोस्तों के साथ नैना पीक घूमने और ट्रैकिंग के लिए गया था। वापस लौटते समय वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था।

नैना पीक समुद्र तल से करीब 2,611 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यहां पहुंचने के लिए लगभग साढ़े तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। फिलहाल टांकी बैंड मार्ग पर ही टिकट लेकर प्रवेश करने की व्यवस्था है। इस रास्ते से रोजाना 100 से अधिक पर्यटक और स्थानीय लोग ट्रैकिंग के लिए पहुंचते हैं।

ये भी पढ़ें: Gorakhpur: वन रेंज में पेड़ों की कटान को लेकर सवाल, रेंजर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद

तीनों रास्तों पर प्रवेश व्यवस्था की शुरुवात

वहीं पॉलीटेक्निक और सत्यनारायण मंदिर की ओर से आने जाने वाले लोगों का रिकॉर्ड वन विभाग के पास नहीं रहता। इसी को देखते हुए विभाग तीनों रास्तों पर प्रवेश व्यवस्था शुरू करने जा रहा है।

वन विभाग के मुताबिक, कई लोग देर शाम और रात के समय भी नैना पीक की ओर निकल जाते हैं। अंधेरा होने के कारण रास्ते में फिसलने और गिरने से चोटिल होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में नई व्यवस्था के तहत दोपहर 3:30 बजे के बाद ट्रैकिंग के लिए प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें: जन्मदिन का झूठा बहाना और 6 फीट गहरा गड्ढा,अमरोहा में अनीता हत्याकांड की कहानी सुनकर चौंक जाएंगे

सत्यनारायण मंदिर के पास बना गेट

वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि टांकी बैंड के अलावा सत्यनारायण मंदिर के पास गेट बनाया जा चुका है। दिसंबर से इस रास्ते से भी नैना पीक जाने वालों की एंट्री शुरू कर दी जाएगी। इसके अलावा कैमल्स बैक की ओर भी टिकट काउंटर बनाया जाएगा।

वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, इस साल अप्रैल से अक्टूबर के बीच 34,828 पर्यटक और अन्य लोग नैना पीक पहुंचे। इनमें 58 विदेशी पर्यटक भी शामिल हैं। तीनों रास्तों पर टिकट काउंटर बनने के बाद यहां आने-जाने वाले लोगों की संख्या और उनका रिकॉर्ड वन विभाग के पास उपलब्ध रहेगा।

Location :  नैनीताल

Published :  17 November 2026, 8:16 PM IST