नैनीताल: मदिरा दुकानों पर छापेमारी, ओवररेटिंग करने वालों से ₹3.05 लाख जुर्माना वसूला

नैनीताल जिले में मदिरा दुकानों पर ओवररेटिंग की शिकायतों के बाद प्रशासन ने एक साथ छापेमारी कर कई अनियमितताएं पकड़ीं और कुल ₹3.05 लाख का जुर्माना वसूला। कार्रवाई नैनीताल, कालाढूंगी, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल और लालकुआं क्षेत्रों में की गई।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 10 April 2026, 8:09 PM IST

Nainital: जिले में मदिरा दुकानों पर ओवररेटिंग की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रशासन ने शुक्रवार को व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर नैनीताल, कालाढूंगी, हल्द्वानी, रामनगर, भीमताल और लालकुआं तहसीलों में एक साथ कार्रवाई की गई, जिसमें कई दुकानें जांच के दायरे में आईं।

निरीक्षण के दौरान रामनगर के रानीखेत रोड स्थित देशी मदिरा दुकान, लालकुआं, हल्द्वानी सहित कई स्थानों पर अधिकतम खुदरा मूल्य से अधिक दाम वसूलने की शिकायतें सही पाई गईं। इसी तरह विदेशी मदिरा दुकानों में कालाढूंगी, मंडी तीनपानी बाईपास, मुखानी, जवाहर नगर, लालकुआं, भवानीगंज, बैलपड़ाव और तल्लीताल क्षेत्र में भी अनियमितताएं सामने आईं। दुकानों में न सिर्फ ओवररेटिंग बल्कि अन्य कमियां भी पाई गईं, जिन पर आबकारी अधिनियम की धारा 64/74 के तहत कार्रवाई हुई।
प्रशासन ने इन उल्लंघनों के चलते संबंधित विक्रेताओं पर कुल ₹3 लाख 05 हजार का जुर्माना लगाया, जिसे तत्काल सरकारी राजस्व में जमा करवाया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित एमआरपी के अनुसार ही बिक्री की जाए, अन्यथा आगे और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

Location :  नैनीताल

Published :  10 April 2026, 8:09 PM IST