
पीलिया ने नैनीताल में बढ़ाई चिंता (Img: AI Generated Image)
Nainital: जिले के ज्योलिकोट क्षेत्र में पीलिया का प्रकोप लगातार चिंता बढ़ा रहा है। क्षेत्र में जलजनित बीमारी के मामले सामने आने के बीच उपचार के दौरान दो मरीजों की मौत हो गई। मृतकों में सरियाताल निवासी 16 वर्षीय इंटर का छात्र रितेश जीना और ज्योलिकोट निवासी 26 वर्षीय विवाहिता नीमा जोशी शामिल हैं। दोनों की मौत की खबर सामने आने के बाद क्षेत्र में शोक के साथ ही लोगों में बीमारी को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, सरियाताल निवासी 16 वर्षीय रितेश जीना, पुत्र उमेश्वर जीना, की तबीयत 18 अगस्त को पीलिया की शिकायत के बाद बिगड़ी थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए हल्द्वानी ले गए। हालत गंभीर होने पर रितेश को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां बीती रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें- केक कटा, जश्न मना; फिर वायरल VIDEO ने मचा दिया हड़कंप! चौकी प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज
रितेश इंटर का छात्र था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसके पिता उद्यान विभाग में उपनल के माध्यम से माली के पद पर कार्यरत हैं। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
वहीं, ज्योलिकोट निवासी 26 वर्षीय नीमा जोशी, पत्नी नीरज जोशी की भी उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, नीमा को पीलिया और लीवर इंफेक्शन की शिकायत के बाद बरेली स्थित राममूर्ति अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। नीमा अपने पीछे पति और चार व डेढ़ साल की दो मासूम बेटियों को छोड़ गई हैं। बताया जा रहा है कि उनके परिवार के पांच अन्य सदस्य भी पीलिया से संक्रमित हैं। दोनों मृतकों के शव गांव लाए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें- अब QR कोड स्कैन करते ही खुलेगा मालखाने का राज, सीतापुर में शुरू हुई नई डिजिटल व्यवस्था
क्षेत्र में पीलिया समेत अन्य जलजनित बीमारियों के मामले सामने आने के बीच ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी की गुणवत्ता में सुधार नहीं होने से बीमारी का खतरा बना हुआ है। इधर, जल संस्थान की ओर से क्षेत्र में पानी का क्लोरीनेशन किए जाने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाए जाने की जानकारी दी गई है। इसके बावजूद दो मरीजों की मौत के बाद ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से पेयजल की गुणवत्ता की जांच कराने, पानी की व्यवस्था में सुधार करने तथा प्रभावित परिवारों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है।
Location : Nainital
Published : 6 September 2026, 8:12 PM IST
Topics : Jaundice News Nainital News Uttarakhand News