नैनीताल में होटल महंगे? यहां सिर्फ 130 रुपये में मिल जाएगा कमरा, ज्यादातर पर्यटक नहीं जानते ये 3 ठिकाने

नैनीताल घूमने का प्लान बना रहे हैं लेकिन महंगे होटल देखकर परेशान हैं? शहर में ऐसी तीन जगहें हैं जहां बेहद कम किराए में सुरक्षित और आरामदायक ठहरने की सुविधा मिल रही है। इनमें एक जगह पर तो सिर्फ 130 रुपये से कमरा मिल जाता है। आखिर ये ठिकाने कौन से हैं और यहां कमरा कैसे मिलेगा, जानिए पूरी खबर में।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 June 2026, 11:49 AM IST

Nainital: नैनीताल और कैंची धाम घूमने आने वाले हजारों यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चिंता अक्सर ठहरने की रहती है। होटल के बढ़ते किराए के बीच अगर कोई परिवार, श्रद्धालु या बजट ट्रैवलर कम खर्च में सुरक्षित और साफ सुथरी जगह की तलाश कर रहा है, तो नैनीताल में ऐसे तीन विकल्प मौजूद हैं जो बेहद कम दाम में ठहरने की सुविधा दे रहे हैं। खास बात यह है कि ये तीनों जगहें लंबे समय से यात्रियों के बीच भरोसेमंद मानी जाती हैं और यहां कम बजट में भी आरामदायक रुकने का इंतजाम हो जाता है।

कैसा है यहां रुकने का प्रबंध?

तल्लीताल पुलिस स्टेशन के पास स्थित लाला परमा शिव लाल दुर्गा साह धर्मशाला नैनीताल की बड़ी और प्रसिद्ध धर्मशालाओं में गिनी जाती है। यहां कम किराए पर कमरे मिलने की वजह से यात्रियों की अच्छी खासी भीड़ रहती है और कई बार कमरे जल्दी भर भी जाते हैं। बताया जाता है कि अगर कोई यात्री यहां ठहरना चाहता है तो उसे सुबह जल्दी पहुंचना चाहिए, क्योंकि इसी समय कमरे मिलने की संभावना सबसे ज्यादा रहती है।

पिता दुबई में, घर पर मातम, बहनों को बचाते हुए भाई ने गंवाई अपनी जान

यहां डबल बेड कमरे का किराया 130 रुपये, ट्रिपल बेड का 195 रुपये रखा गया है। वहीं पांच लोगों के कमरे के लिए 325 रुपये और छह लोगों के कमरे के लिए 390 रुपये देने होते हैं। कम बजट में परिवार के साथ ठहरने वालों के लिए यह जगह काफी सुविधाजनक मानी जाती है।

शांत वातावरण के बीच बसा नयना देवी मंदिर धर्मशाला

वहीं नैनी झील के किनारे स्थित नयना देवी मंदिर धर्मशाला भी कम खर्च में ठहरने वालों के लिए एक शानदार विकल्प बनकर सामने आती है। मंदिर परिसर के शांत वातावरण और झील के खूबसूरत नजारे के बीच यहां यात्रियों को सिर्फ 200 रुपये में रात बिताने की सुविधा मिल जाती है। यहां डबल बेड रूम उपलब्ध हैं, जिनमें दो से तीन लोग रुक सकते हैं। हालांकि कमरे नॉन अटैच बाथरूम वाले होते हैं और परिवारों को प्राथमिकता दी जाती है। यहां अधिकतम तीन दिन तक ठहरने की अनुमति दी जाती है।

खास बात यह है कि इस धर्मशाला की ऑनलाइन बुकिंग नहीं होती, इसलिए यात्रियों को सीधे मंदिर पहुंचकर कमरों की उपलब्धता की जानकारी लेनी पड़ती है। यही वजह है कि अब भी बहुत से लोग इस सुविधा से अनजान हैं और कई बार यहां कमरे आसानी से मिल जाते हैं।

कम कीमत में मिलते हैं हॉस्टल

अगर कोई यात्री सरकारी विकल्प तलाश रहा है तो हाईकोर्ट के पास स्थित गवर्नमेंट यूथ होस्टल भी एक अच्छा और सस्ता ठहराव साबित हो सकता है। यह हॉस्टल नैनीताल के प्रमुख पर्यटन स्थलों से ज्यादा दूर नहीं है और यहां बेहद कम कीमत पर रुकने की सुविधा दी जाती है। डॉर्मिटरी बेड का किराया 200 रुपये प्रति रात है, जबकि स्टूडेंट आईडी दिखाने पर यह किराया 160 रुपये तक हो जाता है। इसके अलावा लीडर रूम 1000 रुपये और कॉटेज रूम 1500 रुपये में उपलब्ध है। यहां कुल 92 डॉर्मिटरी बेड हैं और अलग-अलग जरूरत के हिसाब से साझा डॉर्मिटरी से लेकर छोटे ग्रुप के लिए अलग कमरों की भी व्यवस्था मिल जाती है। लड़कों और अकेली महिला यात्रियों के लिए अलग डॉर्मिटरी की सुविधा भी यहां उपलब्ध बताई जाती है।

क्या आप भी जा रहे हैं नैनीताल? पहले जान लें वहां का हाल-होटल फुल, पार्किंग पैक और सड़कों पर लंबा जाम

नैनीताल आने वाले यात्रियों के लिए ये तीनों जगहें कम बजट में सुरक्षित और भरोसेमंद ठहराव का अच्छा विकल्प बन चुकी हैं। होटल के बढ़ते खर्च के बीच अगर कोई पर्यटक कम पैसों में नैनीताल की वादियों का आनंद लेना चाहता है, तो ये ठहराव उसकी यात्रा को आसान और किफायती बना सकते हैं।

Location :  Nainital

Published :  26 June 2026, 11:49 AM IST