
अधिवक्ता की संदिग्ध मौत (Img- Internet)
Nainital: नैनीताल शहर के क्लेक्ट्रेट पार्किंग क्षेत्र में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक कार के अंदर अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, अधिवक्ता की कार पार्किंग में खड़ी थी। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आसपास मौजूद लोगों का ध्यान उस कार की ओर गया। जब लोगों ने पास जाकर देखा तो कार के अंदर अधिवक्ता का शव पड़ा हुआ था। उनके सिर में गोली लगी हुई थी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद पार्किंग संचालक ने तुरंत अधिवक्ताओं और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार के शीशे से अंदर झांककर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद पुलिस ने कार का दरवाजा खोलकर शव को बाहर निकाला और जांच प्रक्रिया शुरू की।
मौके से पुलिस को मृतक के हाथ में एक पिस्टल मिली है। इसके अलावा कार के डैशबोर्ड से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट में अधिवक्ता ने अपनी बीमारी से परेशान होने की बात लिखी है। उन्होंने लिखा है कि वह अब जिंदगी की गाड़ी नहीं खींच पा रहे हैं और इस कारण यह कदम उठा रहे हैं।
Nainital News: नैनीताल में चार दिन से लापता हुआ युवक, अब तक नहीं मिला कोई सुराग, जांच में जुटी पुलिस
सुसाइड नोट में उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों- कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी और एसएसपी से अनुरोध किया है कि उनकी पत्नी का ख्याल रखा जाए ताकि वह कोई गलत कदम न उठाएं। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर सुसाइड नोट की पूरी सामग्री सार्वजनिक नहीं की है और इसकी सत्यता की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। कार और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि घटना के हर पहलू को स्पष्ट किया जा सके।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुसाइड नोट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस मामले को संदिग्ध मानते हुए जांच में जुटी हुई है।
Location : Nainital
Published : 27 April 2026, 1:51 PM IST