
केदारनाथ पैदल मार्ग पर हादसा
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ पैदल मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। चीरबासा के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर और मलबा गिरने की घटना में पांच वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद रेस्क्यू टीमों ने अभियान चलाकर यात्रियों को सुरक्षित निकालने का काम शुरू किया।
मृतक बच्चे की पहचान यश पुत्र रोहताश यादव, उम्र पांच वर्ष, निवासी एटा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद मौके पर तैनात रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने बच्चे को पालकी के माध्यम से एमआरपी भैरव मंदिर (जंगलचट्टी) पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई थी।
मार्ग अवरुद्ध होने के बाद प्रशासन और रेस्क्यू टीमों ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल अभियान शुरू किया।
रेस्क्यू टीमों के अनुसार अब तक करीब एक हजार यात्रियों को सुरक्षित निकाला जा चुका है। वहीं, अभी भी लगभग 50 से 100 यात्रियों के मार्ग पर फंसे होने की जानकारी है, जिन्हें सुरक्षित निकालने का प्रयास जारी है।
रेस्क्यू टीमें यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय के साथ अभियान चला रही हैं। प्रशासन और बचाव दल मौके की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
केदारनाथ पैदल मार्ग पर मौसम और पहाड़ी परिस्थितियों को देखते हुए यात्रियों को सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
Location : Uttarakhand
Published : 28 September 2026, 9:36 AM IST
Topics : Kedarnath News Kedarnath Route Block Kedarnath Yatra Accident Rudraprayag News Yatra Rescue Operation