
Nainital: नैनीताल जनपद के टांडा क्षेत्र में पीपलपड़ाव जंगल के भाखड़ा रेंज स्थित प्लॉट संख्या 71 में वन विभाग के एक कर्मी की हत्या से फैली सनसनी के बीच हल्द्वानी पुलिस ने महज़ 24 घंटे में इस मामले का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है, जिससे पूरे घटनाक्रम की परतें और साफ हो गई हैं।
घटना की जानकारी 23 मई 2026 को मिलते ही एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने त्वरित कार्रवाई का आदेश देते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी और कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए।
वन विभाग के रेंजर नवीन सिंह रौतेला समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे। फॉरेंसिक मोबाइल टीम को बुलाकर घटनास्थल का वैज्ञानिक तरीके से निरीक्षण किया गया और आवश्यक साक्ष्यों को सुरक्षित किया गया।
मृतक की पहचान मेवा लाल के रूप में हुई, जो वन विभाग में रोपण रक्षक के पद पर कार्यरत थे।
प्रारंभिक जांच के दौरान घटनास्थल पर मौजूद चौकीदार तिवारी सिंह के बयान संदिग्ध पाए गए। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि रात में उसने और मेवा लाल ने साथ में शराब पी थी, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गहन पूछताछ शुरू की।
नैनीताल: होटल में यूपी का युवक नग्न हालत में मृत मिला, संदिग्ध परिस्थितियों से पुलिस जांच में तेजी
वन बीट अधिकारी पवन कुमार द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज किया गया। पूछताछ में साक्ष्यों के दबाव के बीच आरोपी ने अपना अपराध कबूल करते हुए बताया कि शराब के नशे में विवाद बढ़ने पर उसने गुस्से में कुल्हाड़ी से हमला कर मेवा लाल की हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली।
गिरफ्तार आरोपी तिवारी सिंह मूल रूप से ऊधम सिंह नगर के लालपुरी गूलरभोज का निवासी है और फिलहाल पीपलपड़ाव ब्लॉक के प्लॉट संख्या 71 में रह रहा था। पुलिस टीम की त्वरित कार्यवाही और फॉरेंसिक जांच की मदद से हत्या की यह गुत्थी बेहद कम समय में सुलझा ली गई।
Location : Nainital
Published : 24 May 2026, 3:50 PM IST