
जल्द मिलेगी जाम से राहत फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज
Nainital: कैंची धाम में हर साल बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और यातायात जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए निर्माणाधीन भवालीसैनिटोरियम रातीघाट बाईपास मार्ग का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। सोमवार को कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
मार्ग को यातायात के लिए खोलने की तैयारी
निरीक्षण के दौरान रातीघाट में अल्मोड़ा हाईवे से बाईपास मार्ग को जोड़ने के लिए बनाए जा रहे वैली ब्रिज का भी अवलोकन किया गया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अगले तीन दिनों के भीतर इसे पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद तकनीकी परीक्षण की प्रक्रिया पूरी कर मार्ग को यातायात के लिए खोलने की तैयारी की जाएगी।
विकास कार्यों का भी निरीक्षण
आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाईपास मार्ग पर समतलीकरण, सुरक्षा इंतजाम, संकेतक बोर्ड और अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि मार्ग को इस प्रकार विकसित किया जाए ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को सुरक्षित तथा सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। इस दौरान आयुक्त ने कैंची धाम क्षेत्र में चल रहे पार्किंग और अन्य विकास कार्यों का भी निरीक्षण किया।
मजदूरों की जान इतनी सस्ती क्यों? हर हादसे में आखिर क्यों जा रही है श्रमिकों की जान
अधिकारियों ने बताया कि मानस मंदिर माला योजना के तहत 330 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। पार्किंग का दो मंजिला ढांचा तैयार हो चुका है और करीब 180 वाहनों की पार्किंग तत्काल उपयोग के लिए उपलब्ध है। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बनाए जा रहे पाथवे का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है, जबकि कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है।
खाकी पर चढ़ा इश्क का रंग! थाने में शुरू हुई मोहब्बत, अब पूरे इलाके में चर्चा
अधिकारियों के अनुसार पार्किंग और अन्य निर्माण कार्य आगामी तीन महीनों में पूरी तरह से पूर्ण कर लिए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी विवेक कुमार राय, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, पुलिस क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Location : नैनीताल
Published : 8 June 2026, 8:41 PM IST