Site icon Hindi Dynamite News

रुड़की नगर निगम में हंगामा: पार्षद के देवर की अभद्रता से भड़के कर्मचारी, सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी

Ruckus in Roorkee Municipal Corporation: Employees enraged by the indecency of the councillor's brother-in-law, threatened to stop the cleaning system
Post Published By: Poonam Rajput
Published:
रुड़की नगर निगम में हंगामा: पार्षद के देवर की अभद्रता से भड़के कर्मचारी, सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी

Roorkee: रुड़की नगर निगम में गुरुवार को उस समय माहौल गर्मा गया जब एक पार्षद के देवर पर कर्मचारियों से अभद्रता करने का आरोप लगा। घटना के विरोध में नगर निगम के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए कार्यालय में तालाबंदी कर दी और शुक्रवार से पूरे शहर की सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी दी। कर्मचारियों ने साफ कहा है कि जब तक आरोपी सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगता, वे अपने कार्य पर नहीं लौटेंगे।

नगर निगम में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था देखने वाले कर्मचारी सावन ने बताया कि गुरुवार सुबह वार्ड नंबर 36 से संबंधित पार्षद के देवर साहिल निगम दफ्तर पहुंचे। उन्होंने स्ट्रीट लाइट की समस्या का समाधान तत्काल करने की मांग की। सावन का कहना है कि उन्होंने बुधवार को पूरे दिन वार्ड नंबर 36 में काम किया था और गुरुवार को दूसरे वार्ड में कार्य शुरू किया था। ऐसे में उन्होंने साहिल को आश्वासन दिया कि अगले दिन वार्ड नंबर 36 में फिर से कार्य किया जाएगा।

सावन के मुताबिक, इस बात पर साहिल भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए उनसे अभद्र व्यवहार करने लगा। इस घटना से आहत होकर सावन ने पूरा मामला संगठन के अध्यक्ष धन प्रकाश को बताया। इसके बाद नगर निगम कर्मचारियों ने तात्कालिक बैठक बुलाई और सामूहिक रूप से हड़ताल का निर्णय लिया।

नगर निगम सभागार में आयोजित आपात बैठक में कर्मचारियों ने साफ कहा कि वे किसी भी कीमत पर अभद्रता सहन नहीं करेंगे। संगठन के अध्यक्ष धन प्रकाश ने आरोप लगाया कि नगर निगम के कर्मचारियों को लगातार राजनीतिक दबाव का सामना करना पड़ रहा है। यदि समय रहते इस तरह की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया गया तो कार्य करने का माहौल खराब होता जाएगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि जब तक पार्षद का देवर सार्वजनिक रूप से कर्मचारियों से माफी नहीं मांगता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि शुक्रवार से सफाईकर्मी भी काम बंद कर देंगे, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप हो जाएगी।

Roorkee News: राज्य चुनाव आयोग को तत्काल बर्खास्त करने की मांग, कांग्रेस का विपक्ष पर जोरदार हमला

गौरतलब है कि नगर निगम रुड़की में पहले भी कई बार पार्षदों और कर्मचारियों के बीच टकराव की स्थिति सामने आती रही है। हालांकि इस बार कर्मचारियों ने सीधे तौर पर हड़ताल का रुख अपनाकर मामले को गंभीर बना दिया है। अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस विवाद को कैसे सुलझाता है और शहर की सफाई व्यवस्था को सामान्य करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

Exit mobile version