नैनीताल के बजून में कारों की टक्कर के बाद हंगामा, पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद

नैनीताल के बजून क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम कारों की टक्कर के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। पांच गाड़ियों के क्षतिग्रस्त होने का आरोप है। दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे और पुलिस जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 31 October 2026, 5:15 PM IST

Nainital: नैनीताल के बजून क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम कारों की टक्कर के बाद पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया। हादसे में सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंच गए और एक-दूसरे पर आरोप लगाए।

पांच गाड़ियों को टक्कर

जानकारी के अनुसार, खुरपाताल वाटरफॉल होते हुए कालाढूंगी की ओर जाने वाले राजकीय राजमार्ग पर उत्तर प्रदेश नंबर की एक कार ने बजून क्षेत्र में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों और टैक्सी चालकों का आरोप है कि कार  तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर वहां खड़ी पांच गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद नैनीताल की ओर निकल गई।

Cyber Fraud: पेट्रोल पंप की मशीन से निकाली ठगी की रकम, दो प्रतिशत कमीशन लेकर कर्मचारी देता था नकदी

बताया जा रहा है कि कालाढूंगी से नैनीताल आते समय कार की चपेट में आने से कुछ लोगों को भी चोटें आईं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने करीब दो किलोमीटर आगे चारखेत क्षेत्र में कार को रोक लिया और पुलिस के पास ले गए। लोगों ने क्षतिग्रस्त वाहनों के नुकसान की भरपाई की मांग की।

मारपीट करने का प्रयास

वहीं, कार में सवार महिलाओं ने स्थानीय लोगों के आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए बताया कि कुछ युवकों ने उनकी कार का पीछा किया और परिवार के साथ मारपीट करने का प्रयास किया।

दोनों पक्षों ने पुलिस के सामने अपना-अपना पक्ष रखा

उनका कहना है कि घबराहट में वाहन को पीछे और आगे करने के दौरान दूसरी गाड़ियों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला कोतवाली पहुंच गया। दोनों पक्षों ने पुलिस के सामने अपना-अपना पक्ष रखा। वहीं, कुछ लोगों ने कार चालक के नशे में होने की आशंका भी जताई है, हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस मामले की जांच

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। मेडिकल परीक्षण और जांच के बाद ही नशे में वाहन चलाने के आरोप तथा हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

Location :  नैनीताल

Published :  31 October 2026, 5:15 PM IST