Site icon Hindi Dynamite News

Chamoli Cloudburst: चमोली के मोपाटा में फटा बादल, दो लोग लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

उत्तराखंड के चमोली जिले में एक बार फिर कुदरत ने कहर बरपाया है। देवाल ब्लॉक के मोपाटा गांव में बादल फटने से दो लोग लापता हो गए हैं और कई मवेशी मलबे में दब गए हैं। सड़कें टूट गई हैं और कई घरों में मलबा घुस गया है।
Post Published By: Nidhi Kushwaha
Published:
Chamoli Cloudburst: चमोली के मोपाटा में फटा बादल,  दो लोग लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

Chamoli: उत्तराखंड के चमोली जिले में फिर से प्रकृति ने अपना विकराल रूप दिखाया है। देवाल ब्लॉक के मोपाटा गांव में गुरुवार रात बादल फटने की घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। इस भीषण आपदा में दो लोग लापता हो गए हैं, जिनकी पहचान तारा सिंह और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कई घरों को पहुंचा नुकसान

तेज बारिश के साथ आई मूसलाधार तबाही ने कई घरों को नुकसान पहुंचाया है। बारिश के साथ बहकर आया मलबा गांव की गलियों, घरों और खेतों में भर गया। मवेशियों के लिए बनाई गई गोशालाएं भी मलबे में दब गईं, जिससे लगभग 15 से 20 जानवरों की जान जाने की आशंका है। यह हादसा उन पशुपालकों के लिए गहरा सदमा है जिनकी आजीविका का मुख्य आधार यही मवेशी थे।

सीएम धामी ने दी जानकारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर जानकारी साझा की कि रुद्रप्रयाग के बसुकेदार के बड़ेथ डुंगर तोक और चमोली के देवाल क्षेत्र में बादल फटने से मलबा आया है, जिससे कुछ परिवार फंस गए हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन राहत व बचाव कार्य में जुटा है। मुख्यमंत्री ने आपदा सचिव और जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत कार्य तेज और प्रभावी तरीके से किए जाएं।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जैसे ही बादल फटने की खबर प्रशासन को मिली, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन युद्धस्तर पर जारी है। लापता लोगों की तलाश और मलबे में दबे जानवरों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से बचाव कार्य में तेजी लाई गई है।

मलबे के कारण रास्ते बंद

वहीं घटना स्थल पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि मलबे से रास्ते पूरी तरह बंद हो गए हैं, जिससे राहत कार्यों में कठिनाई आ रही है। मशीनों की मदद से रास्तों को खोलने का कार्य जारी है। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी और नुकसान का आकलन कर मुआवजा प्रदान किया जाएगा।

स्थानीय लोगों से सतर्क रहने की अपील

स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। अचानक आई इस आपदा ने उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की है।

Exit mobile version