नैनीताल घूमने आई दिल्ली की युवती के साथ रास्ते में टैक्सी चालक द्वारा छेड़छाड़ और मारपीट का मामला सामने आया है। युवती किसी तरह जान बचाकर जंगल में भागी, जबकि आरोपी उसका बैग और मोबाइल लेकर फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

भद्रता और मारपीट का मामला
नैनीताल: पर्यटन नगरी नैनीताल में एक पर्यटक युवती के साथ अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि दिल्ली से घूमने आई युवती को रास्ते में एक निजी कार चालक ने निशाना बनाया। आरोप है कि चालक ने सुनसान इलाके में युवती के साथ छेड़छाड़ की, उससे मारपीट की और उसका सामान लेकर फरार हो गया।
क्या है पूरी खबर?
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार रात की है। दिल्ली की रहने वाली युवती देर रात करीब 10 बजे हल्द्वानी बस अड्डे पर पहुंची थी। वहां से वह एक ऑटो की मदद से काठगोदाम जंक्शन तक पहुंची। बताया जा रहा है कि ऑटो चालक ने ही उसे नैनीताल जाने के लिए एक निजी कार में बैठने की सलाह दी, जिसके बाद युवती वेगनआर कार में सवार हो गई।
मौके से फरार
रास्ते में जब वाहन बल्दियाखान के पास पहुंचा तो चालक का व्यवहार अचानक बदल गया। आरोप है कि उसने युवती के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और विरोध करने पर उसके साथ हाथापाई की। डर के माहौल में युवती किसी तरह कार से निकलकर पास के जंगल की तरफ भाग गई। इसी दौरान आरोपी उसका बैग, मोबाइल फोन और अन्य सामान लेकर मौके से फरार हो गया।
पूरी रात जंगल में छिपकर अपनी जान बचाने के बाद सुबह होने पर युवती बाहर निकली और पैदल चलते हुए बल्दियाखान क्षेत्र तक पहुंची। वहां एक स्थानीय ग्रामीण ने उसकी हालत देखकर मदद की और घटना की सूचना गांव की प्रधान डॉ. बबीता मनराल को दी।
मामले की जानकारी
ग्राम प्रधान मौके पर पहुंचीं और युवती से पूरी जानकारी लेने के बाद पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और युवती से पूछताछ की। साथ ही उसके परिवार वालों को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई।
संदिग्ध कार चालक की तलाश शुरू
पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत के आधार पर संदिग्ध कार चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। फिलहाल पीड़िता को सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।