
अजगर को वन विभाग ने रेस्क्यू किया (Img: Dynamite News)
Nainital: नैनीताल जिले के ओखलकांडा ब्लॉक के हरीशताल क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब लोगों ने आबादी के पास एक विशालकाय अजगर देखा। करीब 15 फीट लंबे इस अजगर ने एक डॉग को निगल लिया था। भारी शिकार की वजह से उसका पेट काफी फूल गया था और वह ठीक से चल भी नहीं पा रहा था। अजगर को देखकर आसपास के लोग घबरा गए और मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी नितिन पंत के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पहले आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर किया और फिर पूरी सावधानी के साथ अजगर को काबू में लिया।
रेस्क्यू के दौरान वनकर्मियों ने अजगर के मुंह और पेट में फंसे डॉग को बाहर निकाला। हालांकि तब तक डॉग की मौत हो चुकी थी। वन विभाग के अनुसार, अजगर की लंबाई करीब 15 फीट और वजन 55 किलो से अधिक था। इतना बड़ा शिकार निगलने के कारण वह कमजोर और सुस्त हो गया था।
यह भी पढ़ें: Nainital: अवैध भू-खरीद पर प्रशासन की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक, 6.088 हेक्टेयर भूमि पर कार्रवाई
रेस्क्यू टीम ने अजगर को किसी तरह की चोट पहुंचाए बिना सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद उसे आबादी से दूर घने जंगल में छोड़ दिया गया। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन विभाग ने बताया कि वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ लोगों की सुरक्षा भी उनकी प्राथमिकता है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में सांप, अजगर और अन्य वन्यजीव अपने प्राकृतिक आवास से निकलकर रिहायशी इलाकों में पहुंच सकते हैं। ऐसे में किसी भी वन्यजीव को देखकर घबराने या उसे पकड़ने की कोशिश न करें। तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित टीम सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर सके।
वन अधिकारियों ने कहा कि मानसून के दौरान जंगल से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। बच्चों और पालतू जानवरों को खुले स्थानों पर अकेला न छोड़ें और किसी भी संदिग्ध वन्यजीव की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।
Location : Nainital
Published : 9 August 2026, 7:35 PM IST