बदायूं में संदिग्ध हालात में मिला युवक का शव, हत्या या हादसा? जांच में जुटी पुलिस

बदायूं के उसावां क्षेत्र में खेत में युवक का शव और बाइक मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मुनेंद्र के रूप में हुई है। पुलिस हत्या और सड़क हादसे दोनों एंगल से जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर जुटी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 22 April 2026, 3:38 PM IST

Budaun: बदायूं जिले के उसावां थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब ग्राम हजारा मोड़ के पास सड़क किनारे खेत में एक युवक का शव और उसकी बाइक संदिग्ध हालत में पड़ी मिली। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में दहशत का माहौल बन गया। राहगीरों ने जब खेत में शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।

ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ ग्रामीण हजारा मोड़ के पास खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर सड़क से थोड़ी दूरी पर खेत में खड़ी एक बाइक और उसके पास पड़े युवक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने बिना देर किए पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही उसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

Budaun Crime: फरार प्रेमी-प्रेमिका ने पुलिस को देखकर उठाया खौफनाक कदम, दोनों की हालत नाजुक; पढ़ें पूरा मामला

मृतक की पहचान, परिजनों में मचा कोहराम

पुलिस ने शव की पहचान मुनेंद्र के रूप में की, जो ग्राम झंडपुर, थाना अलापुर का निवासी बताया जा रहा है। मृतक के पास मिले मोबाइल और दस्तावेजों के आधार पर पहचान की पुष्टि हुई। इसके बाद अलापुर थाना पुलिस के माध्यम से परिजनों को सूचना दी गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजन रोते-बिलखते पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा भरकर उसे जिला अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

हत्या या हादसा? हर एंगल से जांच जारी

घटनास्थल पर शव और बाइक जिस स्थिति में मिले हैं, उससे मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस सड़क हादसे के साथ-साथ हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है। थानाध्यक्ष के अनुसार, मौके से सभी जरूरी साक्ष्य एकत्र कर लिए गए हैं और फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।

Crime in Budaun: सुहागरात के 9 दिन बाद गुमशुदा हुई दुल्हन… फिर थाने में सामने आकर सबको चौंकाया

आखिरी बार कहां गया था युवक, जांच का अहम बिंदु

पुलिस आसपास के लोगों और मृतक के परिजनों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक रात में कहां गया था और किन लोगों से मिला था। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Location :  Budaun

Published :  22 April 2026, 3:38 PM IST