मां को अंतिम विदाई देते वक्त छलक पड़े योगी के आंसू, छोटे भाई ने दी मुखाग्नि, पंचतत्व में विलीन हुईं सावित्री देवी

एक बेटे के लिए मां को अंतिम विदाई देने का पल कितना मुश्किल होता है, इसकी भावुक तस्वीर हरिद्वार से सामने आई। मां की अर्थी को कंधा देते हुए योगी आदित्यनाथ की आंखें छलक पड़ीं। देखिए इस अंतिम यात्रा की भावुक तस्वीरें।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 November 2026, 1:41 PM IST
Haridwar News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते वक्त भावुक हो गए। मां की अंतिम यात्रा में योगी कई बार अपने आंसू नहीं रोक पाए। कभी मां की अर्थी को कंधा देते नजर आए तो कभी रुमाल से आंखें पोंछते दिखे। हरिद्वार के चंडी घाट पर पूरे विधि-विधान से सावित्री देवी का अंतिम संस्कार किया गया। योगी के सबसे छोटे भाई महेंद्र मोहन बिष्ट ने मां को मुखाग्नि दी। इस दौरान योगी ने मां की चिता की परिक्रमा की और सिर झुकाकर उन्हें अंतिम प्रणाम किया। मां को खोने का दर्द उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रहा था।

मां की अर्थी को कंधा देते हुए भावुक हुए योगी

सावित्री देवी की अंतिम यात्रा उत्तराखंड के पौड़ी स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मां के पार्थिव शरीर के साथ हरिद्वार पहुंचे। घर से मां की अर्थी को कंधा देकर एंबुलेंस तक पहुंचाने के दौरान योगी भावुक हो गए। इसके बाद हरिद्वार के चंडी घाट पर भी उन्होंने मां की अर्थी को कंधा दिया।

योगी आदित्यनाथ ने मां को अंतिम विदाई दी (Image: X)

अंतिम संस्कार के दौरान योगी बार-बार रुमाल से अपने आंसू पोंछते रहे। मां की चिता के सामने पहुंचकर उन्होंने परिक्रमा की और सिर झुकाकर प्रणाम किया। परिवार के लिए यह बेहद भावुक पल था। छोटे भाई महेंद्र मोहन बिष्ट ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की। इसके साथ ही सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन हो गईं।

50 से ज्यादा VIP पहुंचे, संतों ने पढ़े मंत्र

सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में कई बड़े राजनीतिक और धार्मिक चेहरे मौजूद रहे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री संजय निषाद समेत 50 से ज्यादा वीआईपी चंडी घाट पहुंचे।

इस दौरान बाबा रामदेव और चिदानंद समेत 13 अखाड़ों के आचार्य और महंत भी मौजूद रहे। संतों ने वैदिक मंत्रों के साथ अंतिम संस्कार की धार्मिक प्रक्रिया संपन्न कराई। घाट पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी रही।

मां के लिए योगी ने साझा किया महाभारत का श्लोक

मां को अंतिम विदाई देते हुए योगी आदित्यनाथ ने एक भावुक तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा की। तस्वीर में वह मां की अर्थी को कंधा देते नजर आ रहे हैं। इसके साथ उन्होंने महाभारत का एक श्लोक भी लिखा।

इस श्लोक का भावार्थ है कि मां जैसी कोई छाया नहीं होती, मां जैसा कोई आश्रय नहीं होता। मां जैसा प्रेम, सुरक्षा और जीवन देने वाला इस दुनिया में कोई नहीं है। योगी की इस पोस्ट में मां के प्रति उनका प्रेम और सम्मान दिखाई दिया।

शुक्रवार को हुआ था सावित्री देवी का निधन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी ने शुक्रवार सुबह 10:45 बजे अपने घर पर अंतिम सांस ली थी। वह 91 साल की थीं। मां के निधन की खबर के बाद योगी बेहद भावुक रहे। बताया गया कि वह रातभर मां के पार्थिव शरीर के पास बैठे रहे और इस दौरान उन्होंने अन्न-जल भी ग्रहण नहीं किया।

अंतिम संस्कार के बाद योगी आदित्यनाथ के शाम को लखनऊ लौटने का कार्यक्रम है। यहां उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में हिस्सा लेना है।

Location :  Haridwar

Published :  21 November 2026, 1:41 PM IST