दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मौत बनकर दौड़ी XUV, सड़क पार कर रहे तीन लोगों की दर्दनाक मौत

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार महिंद्रा XUV-700 ने सड़क पार कर रहे तीन लोगों को कुचल दिया। तीनों घायलों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। देर शाम तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 23 November 2026, 1:06 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद में सोमवार सुबह दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार महिंद्रा XUV-700 ने सड़क पार कर रहे तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई। मृतकों में दो की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष और एक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई गई है। देर शाम तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी थी।

HP पेट्रोल पंप के सामने हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसा सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर HP पेट्रोल पंप के सामने हुआ। तीन लोग एक्सप्रेसवे पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार महिंद्रा XUV-700 (UP-21-DP-4699) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।

दो घायलों की MMG और एक की मैक्स अस्पताल में मौत

पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से दो घायलों को हाईवे एंबुलेंस के जरिए जिला एमएमजी अस्पताल भेजा गया, जबकि तीसरे घायल को ट्रैफिक पुलिसकर्मी दामोदर ने मैक्स अस्पताल, वैशाली पहुंचाया।

एमएमजी अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, मैक्स अस्पताल में भर्ती तीसरे व्यक्ति की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस तरह हादसे में तीनों लोगों की जान चली गई।

देर शाम तक नहीं हो सकी मृतकों की पहचान

मृतकों में दो पुरुषों की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष और तीसरे की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। हालांकि, देर शाम तक उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस मृतकों की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

कार को क्रेन से हटवाया, जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त महिंद्रा XUV-700 को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाकर थाने भिजवा दिया। मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस के अनुसार, मृतकों के पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

Location :  Ghaziabad

Published :  23 November 2026, 1:06 PM IST