पहले पति से बेवफाई करके दूसरे से की शादी, अब दूसरे ने दिया धोखा तो 13 साल के बेटे के साथ…

मऊ में पति की दूसरी शादी से नाराज एक महिला अपने 13 वर्षीय बेटे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला ने पति पर उसे छोड़ने का आरोप लगाया। पुलिस ने दो घंटे की मशक्कत के बाद मां-बेटे को सुरक्षित नीचे उतारा और मामले में कार्रवाई का भरोसा दिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 10 August 2026, 4:39 PM IST

Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सोमवार सुबह एक महिला ने ऐसा कदम उठा लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पति की दूसरी शादी से नाराज महिला अपने 13 वर्षीय बेटे को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला के टंकी पर पहुंचते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद महिला और उसके बेटे को सुरक्षित नीचे उतारा।

पति पर लगाया दूसरी शादी का आरोप

यह पूरा मामला सरायलखंसी थाना क्षेत्र के रैकवारेडीह इलाके का है। बताया जा रहा है कि बबुआपुर गांव निवासी मंशा चौहान की पहली शादी रामसमुझ चौहान से हुई थी। इस शादी से उसका एक 13 वर्षीय बेटा है। इसके बाद मंशा चौहान ने चंदन चौहान से प्रेम विवाह कर लिया था। महिला का आरोप है कि उसके दूसरे पति चंदन चौहान ने अब दूसरी शादी कर ली है और उसे अपने साथ रखने से इनकार कर रहा है। मंशा का कहना है कि वह कई बार इस मामले को लेकर पुलिस के पास शिकायत कर चुकी है, लेकिन उसे कोई राहत नहीं मिली। इसी बात से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।

टंकी पर चढ़ते ही जुटी लोगों की भीड़

सोमवार सुबह करीब आठ बजे मंशा चौहान अपने बेटे के साथ पानी की टंकी पर चढ़ गई। जैसे ही लोगों ने महिला और बच्चे को टंकी के ऊपर देखा, वहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और राहगीर जुट गए। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। लोगों ने महिला को नीचे उतरने के लिए समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही। घटना की जानकारी मिलते ही सरायलखंसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और महिला से बातचीत शुरू की।

पुलिस ने दिया न्याय का भरोसा

पुलिस अधिकारियों ने काफी देर तक महिला को समझाया। करीब दो घंटे की बातचीत के बाद महिला अपने बेटे के साथ नीचे उतरने के लिए तैयार हुई। इसके बाद पुलिस उसे थाने लेकर गई और मामले की जानकारी ली। सरायलखंसी थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत सुनी गई है। पूरे मामले की जांच की जाएगी और महिला को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Location :  Mau

Published :  10 August 2026, 4:39 PM IST