
सड़क हादसा (Img:Google)
Balrampur: हरिहरगंज मार्ग पर शनिवार को हुआ सड़क हादसा पूरे इलाके को झकझोर गया। यहां अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। जिससे मौके पर ही महिला की दर्दनाक मौत हो गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भीखपुर निवासी रसूल गुलाम अपनी पत्नी शाकरून के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे लौकहवा गांव के पास पहुंचे। ललिया की ओर से आ रहा सीमेंट की चादरों से लदा तेज रफ्तार ट्रक नियंत्रण खो बैठा और बाइक से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक पर लदी भारी सीमेंट चादरें भी दंपती पर गिर गईं। इसी हादसे में शाकरून की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सड़क पर खून और बिखरी हुई सीमेंट चादरें देखकर लोग सहम गए। चश्मदीदों के अनुसार मंजर इतना भयावह था कि किसी की भी रूह कांप उठी। हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
ऑपरेशन में लापरवाही: महिला के पेट में छूटा गॉज, बलरामपुर का नामी अस्पताल सील
घटना के बाद एम्बुलेंस सेवा की टीम मौके पर पहुंची और घायल रसूल गुलाम को तुरंत ऑक्सीजन सपोर्ट देकर अस्पताल भेजा गया। ईएमटी सचिन पांडेय और पायलट अजय शुक्ला की त्वरित कार्रवाई से घायल की हालत को संभालने की कोशिश की गई।
हादसे की खबर जैसे ही भीखपुर गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। शाकरून के घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर की खुशियां एक पल में खत्म हो गईं।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे को लेकर प्रशासन पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग पर भारी वाहन तेज रफ्तार से चलते हैं और आए दिन हादसे होते रहते हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। लोगों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं घायल का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Balrampur
Published : 3 May 2026, 12:25 PM IST