स्वाइन फ्लू से मौत की एंट्री… लखनऊ में पहली मरीज ने तोड़ा दम, संपर्क में आए लोगों की जांच शुरू

लखनऊ में स्वाइन फ्लू ने दस्तक देते हुए इस सीजन की पहली जान ले ली है। इंदिरा नगर की रहने वाली 50 वर्षीय महिला की बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिवार ने डॉक्टरों को स्वाइन फ्लू की पॉजिटिव रिपोर्ट दिखाई, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 28 August 2026, 10:33 AM IST

Lucknow: लखनऊ में स्वाइन फ्लू से इस सीजन में पहली मौत का मामला सामने आया है। इंदिरा नगर निवासी 50 वर्षीय महिला ने गुरुवार को बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मौत के बाद परिवार ने मोबाइल में मौजूद स्वाइन फ्लू की पॉजिटिव रिपोर्ट डॉक्टरों को दिखाई। इसके बाद अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। महिला के संपर्क में आए डॉक्टरों, कर्मचारियों और मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।

सर्दी-बुखार के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, महिला को कुछ दिन पहले सर्दी, बुखार और सांस लेने में परेशानी शुरू हुई थी। शुरुआत में परिवार ने उसका इलाज एक निजी अस्पताल में कराया। लक्षणों को देखते हुए डॉक्टरों ने स्वाइन फ्लू की जांच कराई।

24 अगस्त को निजी पैथोलॉजी की रिपोर्ट में महिला के संक्रमित होने की बात सामने आई। इसके बाद निजी अस्पताल के डॉक्टरों ने परिवार को महिला को बेहतर इलाज के लिए किसी बड़े चिकित्सा केंद्र में ले जाने की सलाह दी।

ये भी पढ़ें: Lucknow Double Murder Case: जानें कौन है वो साहब? जिन्होंने बीवी और बहन की हत्या के लिए बैंक अफसर मानस को दिलवाया हथियार

25 अगस्त को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती

परिवार महिला को 25 अगस्त को बलरामपुर अस्पताल लेकर पहुंचा। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि उस समय परिवार ने डॉक्टरों और अस्पताल के कर्मचारियों को महिला की स्वाइन फ्लू पॉजिटिव रिपोर्ट के बारे में जानकारी नहीं दी।

अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की सांस लेने की परेशानी लगातार बढ़ती गई। हालत गंभीर होने पर उसे ऑक्सीजन सपोर्ट दिया गया। बाद में उसे लाइफ सपोर्ट उपकरण पर भी रखा गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।

मौत के बाद डॉक्टरों को दिखाई रिपोर्ट

गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे महिला की मौत हो गई। इसके बाद परिवार ने डॉक्टरों को मोबाइल फोन पर मौजूद स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट दिखाई। रिपोर्ट सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में चिंता बढ़ गई। अस्पताल ने एहतियात के तौर पर महिला के आसपास भर्ती मरीजों की जांच शुरू कर दी। साथ ही उसके इलाज में शामिल डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की भी निगरानी की जा रही है।

17 डॉक्टर और स्टाफ के सैंपल लिए गए

महिला के इलाज से जुड़े 17 डॉक्टरों और स्टाफ सदस्यों के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं। इसके अलावा महिला के संपर्क में आए कुछ मरीजों के नमूने भी लिए गए हैं। इन सभी सैंपलों को जांच के लिए किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) भेजा गया है। महिला के इलाज में शामिल मेडिकल स्टाफ को फिलहाल सावधानी बरतने और आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की नजर पूरे मामले पर बनी हुई है।

पॉजिटिव रिपोर्ट की दोबारा जांच होगी

सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग उस जांच के बारे में जानकारी जुटा रहा है, जिसके आधार पर महिला की स्वाइन फ्लू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उन्होंने बताया कि संक्रमण की पुष्टि के लिए ELISA जांच रिपोर्ट जरूरी होती है। स्वास्थ्य विभाग अब निजी पैथोलॉजी की रिपोर्ट और अन्य जांचों की जानकारी जुटा रहा है। इसके बाद ही संक्रमण की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

परिवार और संपर्क में आए लोगों की निगरानी

स्वास्थ्य विभाग की टीम महिला के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही है। टीम यह भी पता लगाएगी कि महिला हाल के दिनों में किन जगहों पर गई थी और किन लोगों के संपर्क में आई थी। परिवार के अन्य सदस्यों को फिलहाल आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने उन्हें जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई हैं और सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें: Swine Flu: देश के इस राज्य में अफ्रीकी स्वाइन फ्लू फैला, सूअरों को मारने का आदेश, जानिये पूरा अपडेट

लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच

स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सर्दी, बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें। खासतौर पर संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वालों को लक्षण दिखाई देने पर तुरंत स्वास्थ्य केंद्र जाकर जांच करानी चाहिए।

अधिकारियों का कहना है कि स्वाइन फ्लू के इस मामले में अभी जांच जारी है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि महिला के संपर्क में आए किसी अन्य व्यक्ति में संक्रमण है या नहीं। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है।

Location :  Lucknow

Published :  28 August 2026, 10:33 AM IST