गोरखपुर में ऐसा क्या हुआ, जिसके बाद पूर्व मंत्री पर कर दिया कातिलाना हमला

गोरखपुर के गुलरिहा थाना क्षेत्र में पूर्व मंत्री गंगा निषाद पर सुबह की सैर के दौरान जानलेवा हमला हुआ। पड़ोसियों पर हथौड़ी से सिर पर वार करने का आरोप है, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 15 May 2026, 2:39 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर जिले में गुरुवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पूर्व मंत्री गंगा निषाद पर जानलेवा हमला कर दिया गया। गुलरिहा थाना क्षेत्र के खुटहन गांव में रहने वाले गंगा निषाद रोज की तरह सुबह करीब छह बजे अपने घर के बाहर टहल रहे थे, तभी अचानक पड़ोस में रहने वाले कुछ लोग वहां पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में बातचीत ने हिंसक रूप ले लिया और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया।

हथौड़ी से सिर पर वार, मौके पर लहूलुहान होकर गिरे

परिजनों के अनुसार हमलावर अपने साथ भारी हथौड़ी लेकर आए थे, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर सेट्रिंग कार्य में किया जाता है। इसी हथौड़ी से गंगा निषाद के सिर पर एक के बाद एक कई वार किए गए। अचानक हुए इस हमले से वे मौके पर ही गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे खून से लथपथ हो चुके थे।

अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर, समर्थकों में आक्रोश

घायल पूर्व मंत्री को परिजन तुरंत चरगांवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और चिकित्सक लगातार निगरानी कर रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक सिर पर गंभीर चोट के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस की दबिश तेज, गांव में तनाव का माहौल

घटना की जानकारी मिलते ही गुलरिहा थाना पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस का कहना है कि संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस हमले के बाद गांव में तनाव का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल व घटनास्थल पर जुट गए। ग्रामीणों में आक्रोश है और वे आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  15 May 2026, 2:39 AM IST