महराजगंज में पेट्रोल पंप का वायरल वीडियो बना सनसनी, कालाबाजारी के आरोप से हड़कंप

महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर कालाबाजारी के गंभीर आरोप लगे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने हड़कंप मचा दिया है, जिसमें रात के समय गैलनों में ईंधन भरने का दावा किया गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 May 2026, 5:36 PM IST

Maharajganj : जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र से सामने आया वायरल वीडियो इन दिनों पूरे इलाके में आग की तरह फैल रहा है। रात के अंधेरे में चल रहे एक कथित गोरखधंधे ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में बड़े-बड़े गैलनों में पेट्रोल और डीजल भरते हुए लोग दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद कालाबाजारी के गंभीर आरोप लग रहे हैं। आरोप यह भी है कि दिन में आम जनता को तेल खत्म बताकर लौटा दिया जाता है। रात होते ही वही पंप एक अलग ही खेल शुरू कर देता है।

वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में पेट्रोल पंप पर संदिग्ध गतिविधियां साफ नजर आ रही हैं। रात के समय खुलेआम गैलनों में ईंधन भरने की बात सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर इतने बड़े स्तर पर यह सब कैसे चल रहा था।

दिन में तेल खत्म

भीम आर्मी के पूर्व जिलाध्यक्ष कन्हैया जाटव, जितेंद्र कुमार और प्रिंस जाटव ने आरोप लगाया है कि पंप पर आम उपभोक्ताओं को सिर्फ 3 से 4 घंटे ही तेल दिया जाता है। इसके बाद मशीन लॉक होने का बहाना बनाकर लोगों को वापस भेज दिया जाता है। उनका कहना है कि यह पूरा सिस्टम जानबूझकर बनाया गया है ताकि चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाया जा सके।

स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ी

स्थानीय लोगों ने बताया कि 5 किलोमीटर के दायरे में यह एकमात्र पेट्रोल पंप है। जिससे हजारों लोग अपनी जरूरतें पूरी करते हैं। किसानों, व्यापारियों और आम वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार दूर-दराज जाकर ईंधन लेने की मजबूरी बन जाती है।

कालाबाजारी और कमीशन का खेल

आरोप है कि रात के समय बड़े गैलनों में पेट्रोल और डीजल भरकर ऊंचे दामों पर बेचा जाता है। इस कथित कमीशन आधारित खेल ने पूरे सप्लाई सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग तेज

कन्हैया जाटव ने जिला प्रशासन से तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन और धरना प्रदर्शन किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले में लोगों में आक्रोश है। पंप प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Location :  Maharajganj

Published :  17 May 2026, 5:23 PM IST